कैनबरा: जॉर्जिया वॉल (88) और बेथ मूनी (46) के बीच पहले विकेट के लिए 128 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने गुरुवार को यहां दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को 19 रन से हराकर तीन मैच की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली। वॉल और मूनी की पहले विकेट की साझेदारी भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी भागीदारी रही जिससे मेजबान टीम ने पांच विकेट पर 163 रन बनाए।
9 विकेट पर 144 रन बना सकी टीम इंडिया
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शानदार शुरुआत की लेकिन इसके बावजूद 20 ओवर में नौ विकेट पर 144 रन ही बना सकी जिसमें हरमनप्रीत कौर ने 36, स्मृति मंधाना ने 31 और शेफाली वर्मा ने 29 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर ने 22 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि किम गार्थ, अनाबेल सदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिनू को दो-दो विकेट मिले। श्रृंखला निर्णायक मुकाबला शनिवार को एडिलेड ओवल में खेला जाएगा।
भारत ने सात रन पर गंवाए 6 विकेट
भारत का स्कोर नौवें ओवर में एक विकेट पर 65 रन था लेकिन मेहमान टीम ने आखिर में सात रन के अंदर छह विकेट गंवा दिए। भारत का स्कोर 3 विकेट पर 126 रन से 9 विकेट पर 133 रन हो गया। शेफाली (23 गेंद में पांच चौके) की तेज शुरुआत के बाद मंधाना भी खुलकर खेल रही थीं। दोनों भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने पावरप्ले में 54 रन बना लिए थे। लेकिन मोलिनू ने शेफाली को पगबाधा आउट करके भागीदारी का अंत किया और गार्डनर ने जेमिमा रोड्रिग्स (04) का अहम विकेट लिया। लगातार दो विकेट गिरने से भारत की रन गति धीमी पड़ गई। जल्द ही मंधाना के रूप में तीसरा विकेट गिरा जब वह गार्थ की गेंद पर मूनी को कैच दे बैठीं।
तीन विकेट पर भारत ने बनाए 71 रन
भारतीय टीम ने तीन विकेट पर 71 रन बना लिए थे। तब कप्तान हरमनप्रीत और ऋचा घोष (19) ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 55 रन जोड़े। हालांकि रन रेट बढ़ता जा रहा था जिससे भारतीय खिलाड़ियों को जोखिम उठाने का खामियाजा भुगतना पड़ा। हरमनप्रीत को 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर गार्थ ने आउट किया और तीन गेंद बाद घोष भी गार्डनर की गेंद पर स्टंप आउट हो गईं। भारत की उम्मीदों को एक और बड़ा झटका तब लगा जब 18वें ओवर में गार्डनर ने दीप्ति शर्मा (शून्य) को सदरलैंड के हाथों कैच कराया जिससे भारत का स्कोर छह विकेट पर 128 रन हो गया।
वॉल और मूनी ने दी ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत
इससे पहले सलामी बल्लेबाज वॉल और मूनी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी शुरूआत की। अरुंधति रेड्डी ने एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलिया की दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट किया। हालांकि उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर एशले गार्डनर (नाबाद 10) का कैच छोड़ दिया। उन्होंने चार ओवर में 30 रन देकर दो विकेट झटके। सपाट पिच पर वॉल और मूनी ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए 14.5 ओवर में 128 रन जोड़े। मूनी अपने अर्धशतक से चार रन पहले आउट हो गईं।
पहले विकेट के लिए की रिकॉर्ड साझेदारी
वॉल और मूनी ने भारत के खिलाफ महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में ऑस्ट्रेलिया की पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी को बेहतर बनाया जो मार्च 2020 में मेलबर्न में एलिसा हीली और मूनी की जोड़ी ने बनाई थी। दाएं हाथ की बल्लेबाज वॉल ने शुरू से ही आक्रामक रूख अख्तियार और मूनी ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। वॉल ने भारत की खराब गेंदबाजी का पूरा फायदा उठाते हुए अपनी पारी के दौरान 11 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने 57 गेंद में 88 रन बनाए। मूनी 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर अरुंधति की गेंद पर मिडऑन पर शेफाली वर्मा के हाथों कैच आउट हुईं। बाएं हाथ की इस सलामी बल्लेबाज ने 39 गेंद की अपनी पारी में चार चौके जड़कर 46 रन बनाए। भारत ने सिडनी में खेले गए पहले मैच में डीएलएस पद्धति से 21 रन से जीत हासिल की थी।
