क्रिकेट

AUS vs IRE: ऑस्ट्रेलियाई टीम ने आयरलैंड पर दर्ज की बड़ी जीत, ये खिलाड़ी चमके

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 31, 2022, 05:14 PM IST

Australia vs Ireland (AUS vs IRE): ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के बीच ब्रिस्बेन में खेले गए ग्रुप-1 के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को करारी शिकस्त दी। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से आरोन फिंच और आयरलैंड की तरफ से लोरकन टकर ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।

Image

ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को हराया (ICC)

ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2022 के मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने आयरलैंड को 42 रनों से हराते हुए सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस मैच में 179 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी आयरलैंड की टीम 18.1 ओवर में 137 रनों पर सिमट गई।

इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच का बल्ला चमका। आयरलैंड ने टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी का न्योता दिया था। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान फिंच के शानदार अर्धशतक के दम पर पांच विकेट पर 179 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। फिंच ने 44 गेंद में 63 रन बनाये जिसके बाद मार्कस स्टोइनिस ने 25 गेंद में 35 रन का योगदान दिया।

आयरलैंड के लिये बैरी मैकार्थी ने 29 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि बायें हाथ के तेज गेंदबाज जोश लिटिल ने दो विकेट प्राप्त किये। इस दौरान मैकार्थी ने बाउंड्री पर छक्के के लिए जाती एक गेंद को भी बेहतरीन तरह से हवा में छलांग लगाकर रोका जिसकी काफी तारीफ हुई है।

जवाब में उतरी आयरलैंड टीम की तरफ से शुरुआती छह बल्लेबाजों में सिर्फ लोर्कन टकर ही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज रहे जो दम दिखाने में सफल रहे। बाकी पॉल स्टर्लिंग 11, कप्तान बलबर्नी 6, हैरी टेक्टर 6, कर्टिस कैमफर 0 और जॉर्ज डॉकरेल 0 पर आउट हो गए। लेकिन टकर ने अंत तक संघर्ष किया और गिरते विकेटों के बीच भी उनकी शानदार बल्लेबाजी जारी रही।

टकर ने 48 गेंदों में नाबाद 71 रनों की पारी खेली जिसमें 1 छक्का और 9 चौके शामिल रहे। वो अंत तक टिके रहे लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पैट कमिंस, ग्लेन मैक्सवेल, मिचेल स्टार्क और एडम जंपा ने 2-2 विकेट लिए। जबकि एक विकेट मार्कस स्टोइनिस ने लिया।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article