क्रिकेट

AUS vs ENG Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने जीती एशेज सीरीज, एडिलेड टेस्ट में इंग्लैंड को 82 रन से हराया

AUS vs ENG Highlights: एलेक्स कैरी और ट्रैविस हेड की शानदार बैटिंग और कप्तान पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और नाथन लियोन की खतरनाक गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 82 रन से हरा दिया।

Image

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (साभार-ICC)

AUS vs ENG Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने एशेज 2025-26 जीत ली है। एडिलेड में खेले गए तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को पांचवें दिन दूसरे सेशन में 82 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ली है। इंग्लैंड का एशेज जीतने का इंतजार कम-से-कम दो साल के लिए और बढ़ गया है। इंग्लैंड को टेस्ट जीतने के लिए 435 रन का लक्ष्य मिला था।

इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही थी और टीम ने 31 रन पर ही 2 विकेट गंवा दिए थे। कप्तान बेन स्टोक्स सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए। जो रूट 39 और हैरी ब्रूक 30 अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में सफल नहीं रहे। आखिर में जेमी स्मिथ 60, विल जैक्स 47, और ब्रायडन कार्स नाबाद 39 ने संघर्ष करने की कोशिश की, जो सफल नहीं रही। इंग्लैंड की पारी 352 रन पर सिमट गई। टीम को 82 रन से हार का सामना करना पड़ा।

ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क, कप्तान पैट कमिंस और नाथन लायन ने 3-3 विकेट लिए। स्कॉट बोलैंड ने 1 विकेट लिया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 371 रन बनाए थे। इंग्लैंड की पहली पारी 286 रन पर सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में ट्रेविस हेड के 170 रन की बदौलत 349 रन बनाए थे और पहली पारी में मिले 85 रन की बढ़त के आधार पर इंग्लैंड को जीत के लिए 435 रन का लक्ष्य दिया था।

पहली पारी में 106 और दूसरी पारी में 72 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में खेला गया पहला टेस्ट 8 विकेट से जीता था। वहीं ब्रिसबेन में खेले गए दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया 8 विकेट से विजयी रही थी। एडिलेड टेस्ट 82 रन से जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 की अपराजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का चौथा टेस्ट मेलबर्न में 26 दिसंबर से और पांचवां टेस्ट 4 जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article