सिडनी। खराब फॉर्म से जूझ रहे ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने गुरुवार बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि अगर चयनकर्ता उनके टेस्ट करियर को खत्म करने का फैसला करते हैं तो वह 2024 तक सीमित ओवरों का क्रिकेट खेलना चाहते हैं। कोहनी में फ्रेक्चर के कारण वॉर्नर को भारत में बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बचे दो मैच से बाहर कर दिया गया है। वॉर्नर भारत के खिलाफ पहले दो टेस्ट में रन बनाने के लिए जूझते दिखे और तीन पारियों में 01ए 10 और 15 रन ही बना पाए। कनकशन (सिर में चोट लगने के कारण बेहोशी जैसी स्थिति) के कारण बाहर होने के कारण वह नई दिल्ली में दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में बल्लेबाजी नहीं कर पाए।
एक साल और खेलना चाहते है वॉर्नर
वॉर्नर ने सिडनी हवाई अड्डे पर कहा, ‘मैंने हमेशा से कहा है कि मैं 2024 तक खेलना चाहता हूं। अगर चयनकर्ताओं को लगता है कि मैं टीम (टेस्ट) में जगह बनाने का हकदार नहीं हूं तो कुछ नहीं किया जा सकता और मैं सफेद गेंद का क्रिकेट खेलने का प्रयास कर सकता हूं।’ बाएं हाथ के इस 36 वर्षीय बल्लेबाज को खराब फॉर्म के बावजूद इस साल एशेज दौरे की टीम में जगह बनाने की उम्मीद है।
वॉर्नर के पास सिर्फ 12 महीना
वार्नर ने कहा, ‘मेरे पास अगले 12 महीने हैं, टीम को काफी क्रिकेट खेलना है और अगर मैं रन बनाना जारी रखता हूं और टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता हूं तो टीम में अपनी जगह बना पाऊंगा और यह टीम के लिए शानदार होगा।’ उन्होंने कहा, ‘जब आप 36 साल के होते हैं और 37 के होने वाले होते हैं तो (आलोचकों के लिए) आसानी होती है। मैंने पूर्व खिलाड़ियों के साथ भी ऐसा देखा है।’ वॉर्नर ने कहा, ‘अगर मैं बाकी खिलाड़ियों से दबाव हटाता हूं और अगर कोई बाकी टीम को लेकर चिंतित नहीं है तो मुझे ऐसा करने में खुशी होगी।’ पांच दिवसीय प्रारूप में लंबे समय से खराब फॉर्म के कारण वॉर्नर के टेस्ट करियर पर संदेह के बादल छा गए हैं। वह पिछले तीन साल में सिर्फ एक टेस्ट शतक लगा पाए हैं।
एशेज की योजना पर बाद में बात करें
ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता टोनी डोडमेड ने वॉर्नर के भविष्य और एशेज दौरे के लिए उनके नाम पर चर्चा पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा, ‘एशेज की योजना पर हम बाद में बात करेंगे, लेकिन हम टेस्ट सीरीज के लिए सर्वश्रेष्ठ फिट और उपलब्ध खिलाड़ियों को चुनने के लिए प्रतिबद्ध हैं विशेषकर एशेज जैसी बड़ी सीरीज के लिए।’’ वार्नर को भारत के खिलाफ मुंबई में 17 मार्च से शुरू हो रही तीन मैच की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की 16 सदस्यीय वनडे टीम में शामिल किया गया है। वहीं, पांच मैच की एशेज सीरीज 16 जुलाई से बर्मिंघम में शुरू होगी।
