स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक लियोनेल मेसी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा की। इस तरह से यह स्टार स्ट्राइकर अब अर्जेंटीना की तरफ से खेलता हुआ नहीं दिखेगा। मेसी ने अर्जेंटीना की तरफ से 21 साल के अपने सफर में कई उपलब्धियां हासिल की। उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
मेसी के रिकॉर्ड
एक: मेसी ने एक बार 2022 में कतर में विश्व कप जीता है। उनके रहते हुए अर्जेंटीना की टीम दो बार 2014 और 2026 में फाइनल में पहुंची थी, जहां उसे क्रमशः जर्मनी और स्पेन से हार का सामना करना पड़ा था।
दोः मेसी ने अर्जेंटीना के साथ दो बार कोपा अमेरिका का खिताब जीता है।
चार: लियोनेल मेसी ने चार बार फीफा वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना की कप्तानी की है।
छह: मेसी ने छह विश्व कप (2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026) में हिस्सा लिया, जो उनके लंबे समय के प्रतिद्वंद्वी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बराबर है।
21: मेसी ने छह विश्व कप में कुल 21 गोल किए। वह फ्रांस के किलियन एमबाप्पे के बाद दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने तीन विश्व कप में 22 गोल किए हैं।
39: मेसी ने 39 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने अगस्त 2005 में हंगरी के खिलाफ एक मैत्री मैच में अर्जेंटीना के लिए डेब्यू करने के 21 साल बाद संन्यास लिया। उस मैच में वह मुश्किल से एक मिनट खेल पाए थे। उन्हें एक प्रतिद्वंद्वी को कोहनी मारने के लिए मैदान से बाहर भेज दिया गया था।
125: मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 125 गोल किए हैं, जो अर्जेंटीना के किसी भी अन्य खिलाड़ी द्वारा किए गए गोल की संख्या से दोगुने से भी अधिक है। पिछला रिकॉर्ड गैब्रियल बतिस्तुता के नाम था, जिन्होंने 1991 से 2002 तक 78 मैचों में 54 गोल किए थे। मेंस अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो (146 गोल) के नाम पर दर्ज है। मेसी का नंबर उनके बाद आता है।
207: मेस्सी ने 207 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले लेकिन यह रिकॉर्ड नहीं है। इस सूची में भी वह पुर्तगाल के लिए 233 मैच खेलने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद दूसरे नंबर पर हैं।
