क्रिकेट

AUS vs PAK: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले पाकिस्तानी टीम में हो सकते हैं ये बदलाव

  • Agency by: भाषा
  • Updated Oct 18, 2023, 09:28 PM IST

Australia vs Pakistan World Cup 2023 Match: ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच शुक्रवार को खेले जाने वाले विश्व कप 2023 के बड़े मुकाबले से पहले पाकिस्तानी टीम मुश्किल में नजर आ रही है। कुछ खिलाड़ियों के बीमार होने के बाद वे ठीक तो हो गए, लेकिन अब कुछ दिग्गज खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने की बातें चल रही हैं।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बदलाव के आसार (AP)

पाकिस्तान के अधिकतर खिलाड़ियों ने जहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मैच से पहले बुधवार को यहां सहज होकर अभ्यास किया वहीं तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने फॉर्म में लौटने के लिए कड़ी मेहनत की। अफरीदी गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के साथ चिन्नास्वामी स्टेडियम के मैदान पर पहुंचे। पाकिस्तान के लिए यह राहत की बात है कि उन पर बुखार के कोई लक्षण नहीं दिखे जिसने कि टीम के यहां पहुंचने पर खिलाड़ियों को जकड़ दिया था।

इस 23 वर्षीय तेज गेंदबाज ने मोर्कल की निगरानी में नेट पर छोटे रन अप से गेंदबाजी की। इसके बाद उन्होंने अपनी गति बढ़ाई और दाएं हाथ के बल्लेबाजों को परेशान किया। उन्होंने बाद में बल्लेबाजी में भी हाथ आजमाया। नसीम शाह के चोटिल हो जाने के कारण बाहर हो जाने से पाकिस्तान का दारोमदार अफरीदी पर है लेकिन वह अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने अब तक तीन मैच में केवल चार विकेट लिए हैं और उनका इकोनॉमी रेट 6.31 है। पाकिस्तानी गेंदबाजों में उनसे खराब इकोनॉमी रेट केवल लेग स्पिनर शादाब खान (6.55) का है। उनका औसत भी 34.75 है।

अफरीदी के अलावा पाकिस्तान शादाब की फॉर्म को लेकर भी चिंतित है जिन्होंने अभी तक तीन मैच में दो विकेट लिए हैं और इस बीच काफी रन भी लुटाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी जगह पर सियालकोट के रहने वाले 27 वर्षीय लेग स्पिनर उस्मा मीर को अंतिम एकादश में लिया जा सकता है।

मीर बुखार से पूरी तरह उबर चुके हैं। उन्होंने अभी तक आठ वनडे मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम पर 11 विकेट दर्ज हैं। इस बीच रिजर्व विकेटकीपर मोहम्मद हारिस को छोड़कर पाकिस्तान के सभी खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया।

End of Article