स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन हाल ही में पटना स्थित RBI के दफ्तर में नजर आए। ब्रांच ऑफिस में पहुंचे की ईशान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसमें वह गले में आरबीआई का आई कार्ड पहने और कर्मचारियों के साथ सेल्फी खिंचवाते दिख रहे हैं। ईशान किशन की ऐसी तस्वीर देख फैंस हैरान रह गए।
ईशान किशन भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार प्लेयर हैं। ऐसे में जैसे ही वह पटना स्थित RBI दफ्तर पहुंचे, वहां मौजूद कर्मचारियों में उनके साथ तस्वीरें और सेल्फी लेने की होड़ मच गई। क्रिकेट के मैदान से फिलहाल दूर ईशान किशन आरबीआई में नौकरी करने पहुंचे। इंग्लैंड दौरे से लौटने के बाद वह पटना स्थित RBI के ब्रांच ऑफिस में अपनी ड्यूटी करने पहुंचे।
18 साल की उम्र में मिली थी नौकरी
ईशान किशन रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर हैं। उनकी यह नियुक्ति साल 2017 में स्पोर्ट्स कोटे के तहत हुई थी। उस समय ईशान की उम्र महज 18 साल थी। तब वह उभरते हुए युवा क्रिकेटर थे। ईशान आरबीआई की ओर से कई बड़े घरेलू टूर्नामेंट में खेल चुके हैं। वह अक्सर अपने व्यस्त क्रिकेटिंग शेड्यूल से समय निकाल कर आरबीआई के कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचते हैं।
कितनी मिलती है सैलरी?
आरबीआई में असिस्टेंट मैनेजर पद के लिए अनुमानित बेसिक पे लगभग 60,000 से 62,000 रुपये के बीच होती है। इसमें महंगाई भत्ता, मकान किराया और अन्य सरकारी सुविधाएं जोड़ने के बाद कुल सैलरी लगभग 1,20,000 से 1,30,000 रुपये तक पहुंच जाती है। जरूरी कटौतियों के बाद ईशान किशन को आरबीआई से इन-हैंड लगभग 90,000 से 1,00,000 रुपये प्रति माह मिलती होगी।
(नोट- बताई गई सैलरी एक अनुमान के तहत है। असल में क्या है वो एक गोपनीय मुद्दा है।)
