क्रिकेट

इंग्लैंड के उप-कप्तान ओली पोप ने कहा, रांची में इस वजह से बराबरी का होगा मुकाबला

  • Agency by: भाषा
  • Updated Feb 22, 2024, 12:04 AM IST

इंग्लैंड के उपकप्तान ओली पोप ने कहा है कि अगर रांची में पहले ही दिन से गेंद स्पिनर्स को मदद करने लगेगी तो ये मुकाबला बराबरी का हो जाएगा। जानिए रांची टेस्ट से पहले पिच के मिजाज को लेकर क्या बोले ओली पोप?

Image

ओली पोप

Photo : AP

रांची: इंग्लैंड के उप कप्तान ओली पोप ने बुधवार को कहा कि चौथे टेस्ट में ‘टर्न’ लेती पिच से उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी क्योंकि मुकाबले में शुरू से ही स्पिनरों को मदद मिलने से मुकाबला बराबरी का हो जायेगा। हैदराबाद, विशाखापत्तनम और राजकोट में सभी टेस्ट में ‘स्पोर्टिंग पिच’ (जिसमें स्पिनरों और तेज गेंदबाजों तथा बल्लेबाजों को मदद मिले) थीं जो मुख्य रूप से स्पिनरों के लिए मुफीद नहीं थी बल्कि इसमें सभी के लिए कुछ न कुछ मौजूद था।

रांची में होगी बराबरी की टक्कर

पोप ने पत्रकारों से कहा,'अगर यह पहली गेंद से स्पिन होती है तो इससे टॉस की भूमिका महत्वहीन हो जायेगी। इससे मैदान पर बराबरी की टक्कर होगी। काफी दफा शुरू में विकेट सपाट होता है लेकिन फिर यह खराब होने लगता है। हमने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहला टेस्ट जीता। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पिछले दो टेस्ट जीते। अगर आप थोड़े सपाट विकेट पर पहले बल्लेबाजी करते हैं तो इससे नतीजा तय नहीं होता लेकिन इससे आपको फायदा मिलता है।'

अच्छा टर्न मिला तो हमारा पलड़ा होगा भारी

हैदराबाद में इंग्लैंड के नायकों में एक पोप को लगता है कि जिस विकेट पर अच्छा टर्न मिलेगा, इससे उन्हें विकेट झटकने के विकल्प मिल जायेंगे। उन्होंने कहा, 'हम जैसी उम्मीद लगाये हैं, अगर यह थोड़ा इसी तरह बर्ताव करेगा तो हमारा मैच में पलड़ा भारी हो जायेगा। हमारे पास कुछ युवा स्पिनर हैं, उन्हेांने कुछ अच्छी पिचों पर अच्छी गेंदबाजी की है। इससे निश्चित रूप से हमें विकेट झटकने के मौके मिलेंगे। उन्होंने सपाट पिच पर भी अच्छा काम किया है।'

भारतीय बल्लेबाजों को दबाव में रखने का करेंगे प्रयास

पोप ने भारतीय स्पिनरों के असर को कम करने के लिए स्वीप शॉट का सहारा लिया था और 196 रन की पारी खेली जिससे इंग्लैंड ने श्रृंखला के शुरूआती मैच में जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा,'अगर पिच स्पिन करेगी तो हमें और अधिक स्वीप शॉट और नये तरह के शॉट देखने को मिलेंगे। हमने महसूस किया कि जडेजा, अश्विन और कुलदीप स्पिन लेती पिचों पर किस तरह का खतरा पैदा कर सकते हैं। हमारा सर्वश्रेष्ठ प्रयास उन्हें दबाव में बनाये रखना होगा जैसा हमने हैदराबाद में दूसरी पारी में किया था। अगर पिच वैसे ही स्पिन करती है तो टेस्ट से पहले हमारा काफी मनोबल बढ़ा होगा।'

बुमराह की जगह टीम इंडिया में लेगा ये प्लेयर

भारत ने जसप्रीत बुमराह को आराम देने का फैसला किया है तो पोप को लगता है कि मेजबान टीम अक्षर पटेल के रूप में चौथा स्पिनर उतार सकती है। उन्होंने कहा,'भारत चौथे स्पिनर को लायेगा, जब वे विकेट देखेंगे और आज दोपहर इस पर ट्रेनिंग करेंगे तभी हमें पता चलेगा कि वे क्या करते हैं। वे पिच से क्या चाहते हैं, वे कुछ घास रखे रहना चाहते हैं। उन्होंने पिच पर इतना पानी दिया है कि हमें संभवत: भारत से अतिरिक्त स्पिनर की उम्मीद है। जसप्रीत नहीं है तो अक्षर पटेल निश्चित रूप से उनका विकल्प होगा।'

End of Article