राजस्थान के कोटा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कोटड़ी नहर में नाव पलटने से बड़ा हादसा सामने आया है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाव पलट गई है, इस हादसे में 7 लोग बह गए इसमें से तीन को बचाया गया और 4 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। कोटा बैराज से निकलकर मध्य प्रदेश जाने वाली दाई मुख्य नहर में यह हादसा हुआ है। कलेक्टर पियूष समारिया और एसपी तेजस्विनी गौतम मौके पर पहुंचे हैं, वहीं गोताखोर टीम लोगों की तलाश कर रही है।
सामने आई जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे के करीब हुआ। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाव में सात लोग सवार थे वहीं इस दौरान नाव पलट गई और सभी लोग पानी में गिर गए। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही नगर निगम की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची
20 अक्टूबर यानी मंगलवार शाम हुए इस हादसे में चार लोग पानी के तेज बहाव में बह गए, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और नहर में लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी गई। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जिला प्रशासन को तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: बिहार में बड़ा हादसा, वैशाली में गंगा में नाव पलटने से 11 बच्चों की मौत; ओवरलोडिंग या लापरवाही ने ली जान?
4 लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम का अभियान अभी भी जारी
बाकी 4 लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम का अभियान अभी भी जारी है। यह भी साफ नहीं है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाव किस स्थिति में थी और लोग किस तरह नहर में डूबे। इस घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान चार लोगों के डूबने की सूचना से मौके पर चिंता और दुख का माहौल है और कोटड़ी नहर में हुए इस हादसे को लेकर अब बचाव अभियान पर लोगों की निगाहें हैं वहीं गोताखोरों की टीम लगातार तलाश में जुटी है।
