क्रिकेट

Asian Games Cricket: अनुभवहीन अफगानिस्तान के खिलाफ अभियान की शुरूआत करेगी सितारों से सजी भारतीय टीम

भारतीय मेंस क्रिकेट टीम का सामना एशियाई खेलों के पहले मैच में सोमवार को अफगानिस्तान से होगा। डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया क्वार्टर फाइनल मैच में उतरेगी। गोल्ड जीतने के लिए उसे तीन मुकाबले जीतने होंगे। भारत पूरी स्ट्रेंथ के साथ वहां पहुंचा है।

Image

अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए तैयार भारतीय टीम। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय मेंस क्रिकेट टीम का सामना एशियाई खेलों के पहले मैच में सोमवार को अफगानिस्तान से होगा। जापान के हालात में जल्दी ढलने की चुनौती टीमों के सामने रहेगी। कोरोगी स्पोटर्स पार्क पर ही महिला वर्ग की स्पर्धा हुई थी, जिसमें भारत ने गोल्ड मेडल जीता।

महिलाओं के मुकाबलों में बड़े स्कोर बने, लेकिन अभी तक मेंस टीम के मैचों में बड़े स्कोर नहीं देखे गए हैं। जापान के खिलाफ मंगलवार को सानो में हुए मुकाबले में टर्निंग पिच पर भारतीय टीम को कड़ी चुनौती मिली थी। भारतीय क्रिकेटर टोक्यो से नागोया बुलेट ट्रेन से पहुंचे हैं और सफर का पूरा मजा लिया। क्रिकेट नहीं खेलने वाले देश में पहली बार खेलना अधिकांश क्रिकेटरों के लिये नया अनुभव होगा।

फुल स्ट्रेंथ के साथ पहुंचा है भारत

भारत यहां पूरी मजबूत टीम लेकर आया है, जिसमें अय्यर के अलावा जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और अक्षर पटेल हैं। इस प्रारूप में भारतीय क्रिकेट की गहराई को देखते हुए इस फैसले पर सवाल भी उठे थे क्योंकि विशेषज्ञों का मानना है कि फोकस 2027 वनडे विश्व कप पर होना चाहिए। भारतीय टीम के लिये गोल्ड से इतर कोई भी पदक निराशाजनक होगा।

नेपाल से हार चुका है अफगानिस्तान

हाल ही में दिल्ली में भारत के हाथों सीरीज में बुरी तरह पराजित हुई अफगानिस्तान टीम दारविश रसूली की कप्तानी में नये खिलाड़ियों को लेकर आई है। टीम में छह खिलाड़ी ऐसे हैं जो पहली बार खेलेंगे। भारत अभियान की शुरूआत क्वार्टर फाइनल से करेगा, जबकि अफगानिस्तान नेपाल के खिलाफ एक मैच खेल चुका है, जिसमें उसे पराजय मिली। पहले मैच में उसने जापान को हराया था।

अन्य खिलाड़ियों की तरह क्रिकेटरों को होटल की दिक्कत नहीं हुई, क्योंकि बीसीसीआई ने सारा बंदोबस्त खुद किया है। खिलाड़ी नागोया में पांच सितारा होटल में रूके हैं। सभी की नजरें 15 बरस के वैभव सूर्यवंशी पर लगी है लेकिन अभिषेक और संजू सैमसन के फॉर्म को देखते हुए उन्हें मौका मिलने की उम्मीद कम ही है। भारत को गोल्ड जीतने के लिये सिर्फ तीन जीत की जरूरत है।

टीमें:-

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतिश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वैभव सूर्यवंशी , विपराज निगम, यश ठाकुर

अफगानिस्तान: दारविश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इशाक, इमरान मीर, नजीबुल्लाह जदरान, इस्मत आलम, करीम जनत, नांगेयालिया खरोटी, अब्दुल्लाह अहमदजइ, खालिद तानीवाल, मोहम्मद अकरम, फरीदून दाउदजइ, फरमानुल्लाह सफी, हसन इसाखिल, फैसल शिनोजादा, अरब गुल मोमांद

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article