Asian Games 2026, Nepal vs Afghanistan: एशियन गेम्स 2026 में नेपाल क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है। ग्रुप A के चौथे मुकाबले में नेपाल ने मजबूत मानी जा रही अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। यह T20I क्रिकेट में अफगानिस्तान के खिलाफ नेपाल की सिर्फ दूसरी जीत है। कोरोकी स्पोर्ट्स पार्क, निश्शिन में खेले गए इस मुकाबले में नेपाल के गेंदबाजों ने जीत की नींव रखी। टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने उतरी नेपाल की टीम ने अफगानिस्तान को 20 ओवर में 102/7 के स्कोर पर रोक दिया।
अफगानिस्तान की टीम 102 रनों पर आउट
अफगानिस्तान का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। नेपाल के स्पिनरों ने बीच के ओवरों में शिकंजा कसा और अफगानिस्तान की रन गति को पूरी तरह से रोक दिया। नेपाल के लिए कुशल भूरतल ने 4 और ललित राजबंशी ने 3 विकेट अपने नाम किए। नेपाल को जीत के लिए 103 रनों का टारगेट मिला। हालांकि, यह लक्ष्य छोटा लग रहा था, लेकिन यह पिच बिल्कुल भी आसान नहीं थी। नेपाल की शुरुआत भी खराब रही और दोनों ओपनर सस्ते में आउट हो गए।
नेपाल ने 5 विकेट से दर्ज की जीत
इसके बाद संदीप जोरा ने पारी को संभाला। उन्होंने एक छोर संभाले रखा, लेकिन दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे। जब जोरा और कप्तान रोहित पौडेल की जोड़ी थोड़ी संभलती दिख रही थी, तभी एक रन आउट ने फिर से मैच में ट्विस्ट ला दिया। जोरा दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। यह इस पारी का दूसरा रन आउट था। यहां से मैच फंसता दिख रहा था, 47 रन अभी भी बाकी थे। ऐसे में कप्तान रोहित पौडेल और अनुभवी ऑलराउंडर दीपेंद्र सिंह ऐरी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने समझदारी से बल्लेबाजी की, सिंगल-डबल पर ध्यान दिया और खराब गेंदों पर बाउंड्री निकाली। दोनों की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी ने अफगानिस्तान की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अंत में 17.2 ओवर में अरब गुल मोमंद की गेंद पर गुलशन झा ने 1 रन लेकर नेपाल को 5 विकेट से यादगार जीत दिला दी।
