ढाका: एशिया कप 2025 के वेन्यू और आयोजन की तारीख का आखिरकार ऐलान हो गया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और एशियाई क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शनिवार 26 जुलाई, 2025 को ट्वीट करके ऐलान किया कि एशिया कप 2025 का आयोजन 9 से 28 सितंबर के बीच भारत की मेजबानी में यूएई में होगा। टी20 फॉर्मेट में इस बार टूर्नामेंट खेला जाएगा। एसीसी की ढाका में बुधवार 24 जुलाई को हुई सालाना बैठक में एशिया कप के कार्यक्रम और वेन्यू पर चर्चा हुई थी। ऐसे में अब आधिकारिक तौर पर एसीसी के चेयरमैन ने आयोजन की पुष्टि कर दी है।
जल्दी जारी होगा पूरा शेड्यूल
नकवी ने ट्वीट करके कहा, मैं यह पुष्टि करते हुए बेहद प्रसन्न हूं कि एसीसी पुरुष एशिया कप 2025 की तारीखें तय हो गई हैं, जो संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेला जाएगा। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 9 सितंबर से 28 सितंबर 2025 तक आयोजित होगा। हम शानदार क्रिकेट प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं! विस्तृत शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।
दुबई और अबुधाबी में खेले जाएंगे मैच
आठ टीमों वाले टूर्नामेंट के मुकाबले दुबई और अबुधाबी में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, यूएई, ओमान और हांगकांग की टीमें खेलती नजर आएंगी। माना जा रहा है टूर्नामेंट की इन आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा और भारत पाकिस्तान को एक ग्रुप में जगह मिलेगी। ऐसा करने पर दोनों टीमें एक से ज्यादा बार टूर्नामेंट के दौरान एक दूसरे से भिड़ेंगी।
