क्रिकेट

Asia Cup 2025: 'इतनी बुरी तरह मारेंगे ना वो..' भारत के खिलाफ मैच से पहले पाकिस्तान में डर का माहौल

IND vs PAK Asia Cup 2025: 9 सितंबर 2025 से शुरू हो रहे एशिया कप में भारत और पाकिस्तान का मैच अभी से चर्चा का विषय बना हुआ है। इसका जहां भारत में विरोध हो रहा है वहीं दूसरी ओर सरहद पार पाकिस्तानी दिग्गज ये दुआं कर रहा है कि भारत इसे खुद ही रद्द कर दे।

Image

भारत बनाम पाकिस्तान (फोटो-AP)

IND vs PAK Asia Cup 2025: पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज बासित अली ने आगामी एशिया कप 2025 में भारत के खिलाफ खेलने को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है। उनका कहना है कि वह चाहते हैं कि भारत इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दे। बासित अली का तर्क है कि मौजूदा हालात में पाकिस्तान को भारत से करारी हार का सामना करना पड़ सकता है, जो टीम और देश के लिए अपमानजनक होगा।

तीन बार आमना-सामना होने की संभावना

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के खिलाफ तीन बार खेल सकते हैं, अगर दोनों टीमें फाइनल तक पहुंचती हैं। ग्रुप स्टेज में दोनों के बीच पहला मुकाबला 14 सितंबर को दुबई में होगा, जबकि संभावित सुपर फोर में यह भिड़ंत 21 सितंबर को भी हो सकती है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद बयान

हाल ही में पाकिस्तान को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में 202 रन के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इसी पृष्ठभूमि में बासित अली ने एक यूट्यूब शो "द गेम प्लान" में कहा कि "मैं दुआ करता हूं कि भारत हमारे खिलाफ एशिया कप में खेलने से इनकार कर दे, जैसे उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में किया था। इतना बुरी तरह मारेंगे न वो, कि आप सोच भी नहीं सकते।"

हार से जुड़ा पाकिस्तान में राष्ट्रीय गौरव का सवाल

बासित अली ने यह भी कहा कि पाकिस्तान में भारत से हारना सिर्फ एक खेल हारने जैसा नहीं होता, बल्कि यह राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा मामला बन जाता है।उन्होंने कहा कि "अगर हम अफगानिस्तान से हार जाएं, तो यहां किसी को ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन भारत से हारते ही लोग पागल हो जाते हैं।"

हालिया भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों में तनाव

भारत ने हाल ही में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में पाकिस्तान के खिलाफ न केवल एक, बल्कि दो मैच खेलने से मना कर दिया था। इसमें शिखर धवन, युवराज सिंह, इरफान पठान जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने हिस्सा नहीं लिया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छिड़ गई थी।एशिया कप 2025 का शेड्यूल आने के बाद यह साफ हो गया कि भारत और पाकिस्तान ग्रुप ए में एक साथ हैं। भारत अपने ग्रुप मैच 10 सितंबर को UAE और 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में खेलेगा, जबकि 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ मुकाबला अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article