लीड्स: ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का बल्ला इंग्लिश तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में खामोश हो जाता है। उनकी गेंदों का वो सामना नहीं कर पाते हैं और हथियार डाल देते हैं। इस बात की तस्दीक लीड्स में एशेज 2023 के खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के एक बार फिर हो गई। दोनों पारियों में वॉर्नर के विकेट चटकाने के बाद स्टुअर्ट ब्रॉड टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा बार एक खिलाड़ी का
17वीं बार वॉर्नर का किया शिकार
स्टुअर्ट ब्रॉड ने मैच की दोनों पारियों में वॉर्नर ब्रॉड की गेंदों पर गच्चा खाकर पवेलियन वापस लौटे। दोनों पारियों में स्लिप में जैक क्रॉले ने वॉर्नर का कैच लपका। स्टुअर्ट ब्रॉड ने 17वीं बार वॉर्नर का टेस्ट क्रिकेट में शिकार किया है। किसी एक खिलाड़ी का टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार विकेट लेने के मामले में वो साझा रूप से तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
ग्लेन मैक्ग्रा के नाम दर्ज है वर्ल्ड रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट इतिहास में किसी खिलाड़ी का सबसे ज्यादा बार शिकार करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज ग्लेन मैक्ग्रा के नाम दर्ज है। मैक्ग्रा ने अपने करियर में इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज और कप्तान माइकल आथर्टन का 19 बार शिकार किया। दूसरे पायदान पर काबिज इंग्लैंड के पूर्व गेंदबाज एलेक बेडसर ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज आर्थर मॉरिस का 18 बार शिकार किया था।
वॉल्श और एम्ब्रोस की बराबरी पर ब्रॉड
वेस्टइंडीज के दो पूर्व दिग्गज गेंदबाजों कर्टली एम्ब्रोस और कर्टनी वॉल्श ने इंग्लैंड के माइकल ऑथर्टन को 17-17 बार टेस्ट में आउट किया था। स्टुअर्ट ब्रॉड डेविड वॉर्नर का 17 बार शिकार करके इस सूची में इन दो दिग्गजों के साथ साझा रूप से तीसरे पायदान पर काबिज हो गए हैं। इस सूची में चौथे पायदान पर वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज गेंदबाज मैल्कम मार्शल ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ग्राहम गूच का विकेट 16 बार हासिल किया था।
छोड़ सकते हैं मैक्ग्रा को पीछे
स्टुअर्ट ब्रॉड मौजूदा एशेज सीरीज के दौरान ही ग्लेन मैक्ग्रा का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। सीरीज में अभी दो टेस्ट मैच बाकी हैं अगर ब्रॉड को आगे मौका मिलता है और चार पारियों में से दो बार भी ब्रॉड वॉर्नर का विकेट चटकाने में सफल हुए तो वो मैक्ग्रा की बराबरी पर पहुंच जाएंगे। अगर तीन बार वॉर्नर को ब्रॉड आउट करने में सफल रहे तो वो मैक्ग्रा को पछाड़कर ब्रॉड वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
