क्रिकेट

T20 World Cup 2026: रोहित शर्मा ने टी20 विश्व कप के लिए किन दो भारतीय खिलाड़ियों को बताया ट्रंप कार्ड

टीम इंडिया को साल 2024 में टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान रोहित शर्मा ने बताया है कि इस बार टीम के लिए विश्व कप में कौन से दो खिलाड़ी ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं। जानिए रोहित ने इस बारे में क्या कहा?

Rohit Sharma

रोहित शर्मा

Photo : AP

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप विजेता कप्तान रोहित शर्मा का मानना है कि आगामी टूर्नामेंट में हरफनमौला हार्दिक पंड्या और बायें हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भारत की सफलता की कुंजी होंगे। गत चैम्पियन भारत प्रबल दावेदार के रूप में टूर्नामेंट में उतरेगा। रोहित ने जियो हॉटस्टार से कहा,'जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह दोनों का साथ में होना हमारे लिये बहुत सकारात्मक है क्योंकि दोनों विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

नई गेंद से स्विंग कराने में माहिर हैं अर्शदीप

अर्शदीप नयी गेंद से स्विंग कराने में माहिर है और शुरूआती विकेट लेता है। वह नयी गेंद से और डैथ ओवरों में गेंदबाजी करता है। शुरूआत और अंत बहुत महत्वपूर्ण है और वह दोनों में मजबूत है। उन्होंने कहा,'वह नयी गेंद को स्विंग कराके बायें हाथ के बल्लेबाजों को स्लिप में कैच आउट करा सकता है और दाहिने हाथ के बल्लेबाजों के पैड को निशाना बना सकता है। नयी गेंद के गेंदबाजों के लिये यह कौशल काफी अहम है । वह हमेशा विकेट लेने की कोशिश करता है और यही वजह है कि वह पहला ओवर डालता है।'

फाइनल में की थी शानदार गेंदबाजी

रोहित ने कहा,'टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसने शानदार गेंदबाजी की । मुझे अभी भी याद है कि क्विंटोन डि कॉक को क्रीज पर जमने के बाद उसने आउट किया और 19वें ओवर में दो या तीन रन ही दिये जिससे दक्षिण अफ्रीका दबाव में आ गई। वह टी20 विश्व कप 2026 में भी भारत के लिये अहम साबित होगा।'

हार्दिक संभाल सकता है मुश्किल में टीम को

भारत ने वेस्टइंडीज और अमेरिका में रोहित की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीता जिसके बाद रोहित ने इस प्रारूप से विदा ले ली। हार्दिक की भूमिका के बारे में रोहित ने कहा,'हार्दिक पंड्या जब भी टीम में होता है तो उसकी भूमिका बड़ी होती है। वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी में निरंतरता से खेलता है । टीम दबाव में होती है तब उसकी बल्लेबाजी अहम होती है। अगर 15 या 16 ओवर में हमारा स्कोर 160 है और हार्दिक क्रीज पर है तो वह 210 या 220 तक ले जा सकता है । हमारे चार विकेट भी 50 रन पर गिरे हों तो वह पारी को संभाल सकता है।'

वरुण और कुलदीप का साथ खेल पाना है मुश्किल

रोहित ने कहा कि कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती दोनों को अंतिम एकादश में रख पाना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा,'कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी कि कुलदीप और वरुण दोनों को साथ में कैसे उतारें । दो तेज गेंदबाजों को ही उतारने पर यह संभव है। वैसे मैं होता तो दोनों को टीम में रखता क्योंकि दोनों विकेट लेते हैं और बल्लेबाज उन्हें भांप नहीं पाते।' टी20 विश्व कप भारत और श्रीलंका में सात फरवरी से आठ मार्च के बीच होना है।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article