क्रिकेट

IND vs AUS: वनडे वर्ल्ड कप 2027 की न सोचें रोहित-विराट, पूर्व भारतीय कोच ने दी सलाह

IND vs AUS: टीम इंडिया के पूर्व कोच अनिल कुंबले ने रोहित-कोहली को एक खास सलाह दी है। भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज में दोनों खिलाड़ी 7 महीने बाद वापसी कर रहे हैं। इससे पहले कुंबले ने दोनों के वनडे भविष्य को लेकर बात की है।

Image

विराट-रोहित (साभार-BCCI X)

IND vs AUS: 19 अक्टूबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्हाइट बॉल सीरीज का आगाज होने वाला है। इस दौरे पर पहले टीम इंडिया शुभमन गिल की कप्तानी में 3 मैच की वनडे सीरीज खेलेगी और उसके बाद सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उसे 5 मैच की टी20 सीरीज खेलना है। यह सीरीज इसलिए भी खास है क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी के बाद दो फॉर्मेट को अलविदा कह चुके विराट कोहली और रोहित शर्मा की वापसी होने वाली है। दोनों 19 अक्टूबर को 7 महीने बाद इंडियन जर्सी में पर्थ में खेलते नजर आएंगे।

रोहित-विराट के लिए खास है यह सीरीज

भारतीय फैंस के साथ-साथ रोहित-विराट के लिए भी यह सीरीज बेहद खास है। अगर दोनों खिलाड़ी 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं तो इसकी शुरुआत यहीं से करनी होगी। लेकिन पूर्व भारतीय कोच और चैंपियन गेंदबाज अनिल कुंबले की सोच थोड़ी अलग है। उन्होंने इन दो दिग्गजों को सलाह दी है कि वे 2027 वनडे वर्ल्ड कप के बारे में सोचने की बजाय इस सीरीज को एंज्वॉय करें।

स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत करते हुए कुंबले ने कहा 'हमें बस इन दो खिलाड़ियों को सेलिब्रेट करना है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के लिए सालों से बहुत कुछ किया है। हां, उनके मन में 2027 (वर्ल्ड कप) खेलने का विचार जरूर है, लेकिन अभी उसमें कुछ साल बाकी हैं।” उन्होंने रोहित शर्मा को सलाह दी और कहा 'आपको मैदान पर उतरकर गेम का आनंद लेना है। अब जब रोहित कप्तान नहीं रहे, तो कप्तानी का बोझ और जिम्मेदारी भी उनके ऊपर नहीं है। इसलिए अब सिर्फ बल्लेबाज़ी करने और मैदान पर बिताए हर पल का एंज्वॉय करने की बात है। मुझे नहीं लगता कि दोनों को वनडे वर्ल्ड कप के बारे में सोचना चाहिए।

रोहित-विराट की बात करें तो दोनों आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में साथ दिखे थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले रोहित जमकर अभ्यास कर रहे हैं। मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रैक्टिस करते हुए उनका वीडियो भी सामने आया था। हालांकि, जब इन दोनों के वनडे भविष्य को लेकर वनडे टीम के नए कप्तान गिल से पूछा गया तो उन्होंने भी जवाब में यही कहा था कि दोनों जरूर 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article