क्रिकेट

टी20 विश्व कप 2026 में खेलने पर है ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर का ध्यान

ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर इन दिनों दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के बजाए इंग्लैंड में द हंड्रेड में खेलते नजर आ रहे हैं। ऐसे में उन्होंने कई तरह की अटकलों के बीच बताया है कि कहां है उनका ध्यान?

Image

मार्कस स्टोइनिस (फोटो क्रेडिट @KentCricket X)

नई दिल्ली: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से ठीक पहले वनडे क्रिकेट से संन्यास लेकर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को झटका देने वाले ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस का ध्यान भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 2026 में आयोजित टी20 विश्व कप में खेलने पर है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो के मुताबिक, मार्कस स्टोइनिस ने कहा है कि बेशक वह दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। लेकिन, टी20 विश्व कप 2026 में निश्चित रूप से खेलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि साल की शुरुआत में मेरी बात ऑस्ट्रेलियाई कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड और मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली से हुई थी। इसी वजह से दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज का हिस्सा न होकर 'द हंड्रेड' का हिस्सा हूं।

ट्रेंट रॉकेट्स के लिए खेल रहे हैं मार्कस स्टोइनिस

मार्कस स्टोइनिस 'द हंड्रेड' 2025 में ट्रेंट रॉकेट्स के लिए खेल रहे हैं। मार्कस स्टोइनिस ने ऑस्ट्रेलिया की टी20 लीग 'बिग बैश लीग' (बीबीएल) में निजी निवेश का भी समर्थन किया है। स्टोइनिस ने कहा कि बीबीएल में आठ टीमों में आईपीएल के निजी निवेश का मॉडल ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए बेहद अहम हो सकता है। उन्होंने कहा कि आईपीएल मालिकों के पास बड़ी लीग बनाने का रिकॉर्ड रहा है। आप हमेशा ऐसे लोगों के साथ काम करना चाहते हैं। अगर उनका निवेश बीबीएल में हो रहा है, तो यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए अच्छा होगा।

बीबीएल में निजी निवेश के पक्षधर हैं स्टोइनिस

दरअसल, हाल ही में, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि वह बीबीएल लीग में टीमों के निजी स्वामित्व को लागू करने के लिए तैयार है और वर्तमान में बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) द्वारा भेजी गई सिफारिशों का अध्ययन कर रहा है। इस साल, आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स, सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के मालिकों ने 'द हंड्रेड' टीमों ओवल इनविंसिबल्स, मैनचेस्टर ओरिजिनल्स, नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स और सदर्न ब्रेव में निवेश हिस्सेदारी खरीदी है। ऐसा बीबीएल में भी देखने को मिल सकता है।

ऐसा रहा है ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 में प्रदर्शन

मार्कस स्टोइनिस टी20 फॉर्मेट के बेहतरीन ऑलराउंडर्स में से एक हैं। वह दुनियाभर की टी20 लीग में खेलते हैं। आईपीएल की बात करें, तो फिलहाल वह पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टोइनिस ने 74 टी20 मैचों में 1,245 रन बनाने के साथ ही 45 विकेट लिए हैं।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article