क्रिकेट

IPL 2026: हर्षित राणा के बाद कोलकाता नाईट राइडर्स को लगा एक और झटका, बाहर हुआ यह गेंदबाज

आईपीएल 2026 जैसे-जैसे निकट आ रहा है खिलाड़ियों के चोटिल होने का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। ताजा अपडेट कोलकाता नाईट राइडर्स से जुड़ा हुआ है। हर्षित राणा के बाद एक और तेज गेंदबाज चोट के कारण आईपीएल से बाहर हो गया है।

Image

कोलकाता नाईट राइडर्स (साभार-IPL)

आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाईट राइडर्स की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। अभी टीम हर्षित राणा का रिप्लेसमेंट ढूंढ भी नहीं पाई थी कि एक और भारतीय गेंदबाज चोट के कारण आईपीएल से बाहर हो गया। क्रिकबज की मानें तो भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के एक वरिष्ठ अधिकारी ने क्रिकबज़ को जानकारी देते हुए कहा, "दुर्भाग्यवश, वह आईपीएल से बाहर हो गए हैं, " 29 वर्षीय बंगाल के इस तेज गेंदबाज को पिछले साल अबू धाबी में हुई मिनी ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने उनके बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये में खरीदा था।

आकाशदीप 18 मार्च से कोलकाता में चल रहे कोलकाता नाइट राइडर्स के शिविर में शामिल नहीं हुए थे। ऐसा माना जा रहा कि आकाशदीप बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। केकेआर की गेंदबाजी लाइनअप की बात करें तो आकाशदीप के रुप में टीम को यह तीसरा झटका लगा है। सबसे पहले हर्षित राणा चोट के कारण आईपीएल से बाहर हुए। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथिसा पथिराना जिन पर टीम ने खूब पैसे लुटाए उनके फिटनेस पर भी सस्पेंस की स्थिति बनी हुई है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अब तक उनके फिटनेस को लेकर हरी झंडी नहीं दी है।

हर्षित राणा और आकाशदीप के बिना केकेआर की गेंदबाजी

कोलकाता नाईट राइडर्स की गेंदबाजी की बात करें तो हर्षित राणा और आकाशदीप की अनुपस्थिति में इस टीम में जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और उमरान मलिक जैसे गेंदबाज हैं। मुजरबानी को छोड़ दें तो बाकी सभी गेंदबाज कम अनुभव वाले हैं और इसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ सकता है। आईपीएल 2024 के बाद से लगातार इस टीम के प्रदर्शन में गिरावट आई है। पिछले सीजन केकेआर ने 8वें नंबर पर फिनिश किया था। टीम 14 मैच में से केवल 5 मुकाबला ही जीत पाई थी। ऐसे में इस सीजन भी उसकी मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article