क्रिकेट

सेलेक्टर्स जवाब नहीं दे रहे, टीम इंडिया में वापसी के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहा है यह बल्लेबाज

IND vs ENG: अजिंक्य रहाणे ने टीम इंडिया में वापसी को लेकर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। रहाणे वेस्टइंडीज 2023 दौरे के बाद से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं और रोहित और विराट के संन्यास ने उनकी वापसी को और भी मुश्किल बना दिया।

Image

भारत और इंग्लैंड, अंजिक्य रहाणे (साभार-ICC X)

IND vs ENG: टेस्ट क्रिकेट सबसे लोकप्रिय तो नहीं लेकिन खिलाड़ियों का सपना होता है कि वह इस लंबे फॉर्मेट मे खुद का नाम बनाए। सालों से टीम इंडिय से बाहर चल रहे पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे भी इसी कोशिश में लगे हैं। 37 वर्षीय रहाणे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में भारतीय टीम का हिस्सा थे, जहां टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। वह 2023 में वेस्टइंडीज दौरे के बाद से टीम से बाहर हैं। हालांकि, उन्होंने घरेलू क्रिकेट में मेहनत करना जारी रखा। फिलहाल रहाणे इंग्लैंड के लॉर्ड्स में मौजूद हैं और वहां उन्होंने टीम इंडिया में वापसी को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्वीकार किया कि वह भारत के लिए फिर से टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं।

रहाणे ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा, "मैं अब भी टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता हूं। मैं टेस्ट क्रिकेट को लेकर जुनूनी हूं। सच कहूं तो, मैंने चयनकर्ताओं से बात करने की कोशिश की, लेकिन मुझे कोई जवाब नहीं मिला। मैं बस यही कर सकता हूं कि खेलना जारी रखूं। मुझे टेस्ट क्रिकेट पसंद है। मेरे लिए यह एक जुनून है।"

विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाज़ों के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद, रहाणे की वापसी की संभावना कम ही दिख रही है। रहाणे को इंग्लैंड में खेलने का ठीक-ठाक अनुभव है बावजूद इसके चयनकर्ताओं ने युवाओं पर भरोसा जताया और उन्हें मौका नहीं दिया। लॉर्ड्स में शतक लगाने वाले चुनिंदा भारतीयों में शामिल रहाणे ने भारतीय क्रिकेट को कई यादगार पल दिए हैं। 2020-2021 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान, रहाणे ने विराट कोहली की अनुपस्थिति में कप्तानी संभाली थी।

रहाणे की कप्तानी में, भारत ने मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट और निर्णायक गाबा टेस्ट में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। एमसीजी में खचाखच भरे दर्शकों के सामने बॉक्सिंग डे टेस्ट में उन्होंने एक शतक सहित 268 रन बनाकर भारत के तीसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप इस सीरीज का अंत किया। रहाणे ने अपनी और विराट की कप्तानी शैली में अंतर बताते हुए कहा, "हर कप्तान की अपनी शैली होती है। जब मैं टेस्ट कप्तान बना, तो मैं हमेशा अपनी शैली, सोच और सहज ज्ञान पर भरोसा करना चाहता था।

2013 में डेब्यू के बाद से, रहाणे ने 85 टेस्ट मैच खेले हैं और 38.46 की औसत से 5077 रन बनाए हैं, जिसमें 12 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं। 37 वर्षीय रहाणे ने पिछले सीज़न में रणजी ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी की थी और नौ मैचों में 35.92 की औसत से 467 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। उन्होंने मुंबई को सेमीफाइनल तक पहुँचाया, लेकिन विदर्भ के खिलाफ निराशाजनक हार के बाद मुंबई का सफर खत्म हो गया था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article