शहर

Pratapgarh News : प्रतापगढ़ पुलिस ने शोहदों की निकाली परेड, लड़कियों से करते थे छेड़छाड़, डंडे पड़े तो मांगने लगे माफी

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पुलिस ने लड़कियों से छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणियां करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार परेड कराई है।

प्रतापगढ़ : शहर में लड़कियों से छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणियां करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार परेड कराई है। पुलिस ने दोनों को करीब एक किलोमीटर तक पैदल रोड पर घुमाया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने आरोपियों की डंडों और थप्पड़ों से पिटाई भी की। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक राह चलती लड़कियों को परेशान करते थे।

मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के भंगवा चुंगी चौराहे का है। मीडिया खबरों के मुताबिक, नवरात्र के दौरान 'मिशन शक्ति अभियान' के तहत सक्रिय एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो युवक लड़कियों पर अश्लील टिप्पणियां कर रहे हैं। आरोप है कि वे लड़कियों से मोबाइल नंबर मांगने के साथ बाइक से स्टंट कर उन्हें परेशान भी करते थे। इस दौरान गंदे कमेंट करते थे, जिससे लड़कियों में डर का माहौल कायम हो रहा था।

शिकायत के बाद पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब सात बजे एक पीड़िता ने इस संबंध में शिकायत की थी। इसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी युवकों की गतिविधियां कैद हुई थीं। इसके बाद मंगलवार सुबह एंटी रोमियो टीम ने सादे कपड़ों में निगरानी शुरू की। पुलिस के मुताबिक, भंगवा चुंगी चौराहे पर दोनों युवकों के दोबारा ऐसी हरकत करने पर टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने कराई पैदल परेड

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मांधाता क्षेत्र के अकारीपुर निवासी और उसके रिश्तेदार रानीगंज निवासी के रूप में हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए नगर कोतवाल, महिला थाना प्रभारी समेत करीब 40 पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस दोनों युवकों को करीब एक किलोमीटर तक पैदल लेकर गई। इस दौरान पुलिस ने डंडों और थप्पड़ों से उनकी पिटाई की। पुलिस कार्रवाई के दौरान दोनों युवकों के माफी मांगने की बात भी सामने आई है।

सीओ सिटी ने क्या कहा?

सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि सोमवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मंगलवार को कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि दोनों राह चलती लड़कियों को परेशान करते थे और उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article