क्रिकेट

KKR की कमान लगातार दूसरे सीजन संभालने को तैयार हैं अजिंक्य रहाणे

लगातार दूसरे सीजन केकेआर का कप्तान बनाए जाने के बाद अजिंक्य रहाणे ने टीम मैनेजमेंट का भरोसा जताए जाने के लिए आभार जताया है और रहा है कि वो टीम की कमान संभालने के लिए पूरी करह तैयार हैं।

Image

अजिंक्य रहाणे (फोटो क्रेडिट KKR X)

कोलकाता: पिछले साल के निराशाजनक प्रदर्शन और टीम में कई बदलाव करने के बावजूद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने कप्तान अजिंक्य रहाणे पर अपना भरोसा बरकरार रखा है, जिन्होंने शुक्रवार को यहां कहा कि वह शांति और सकारात्मकता के साथ जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं। रहाणे ने पिछले सत्र में 390 रन बनाए लेकिन उनकी टीम केवल पांच मैच ही जीत पाई और आखिर में आठवें स्थान पर रही। इस अनुभवी बल्लेबाज ने कहा कि उन पर किसी तरह का दबाव नहीं है और वह सही मानसिकता के साथ चुनौतियों का सामना करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

कप्तान बनाए जाने के लिए जताया आभार

रहाणे ने पत्रकारों से कहा, 'हर साल, एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में अलग-अलग चुनौतियां सामने आती हैं। मैंने अपने पूरे सफर में यही सीखा है कि चाहे कितनी भी चुनौतियां क्यों न हों, हर बार सकारात्मक रहना चाहिए, मैं पिछले साल से टीम का नेतृत्व कर रहा हूं और फ्रेंचाइजी का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे टीम का नेतृत्व करने की यह जिम्मेदारी दी। मैं हर चीज को सहजता से ले रहा हूं, हर चीज को सकारात्मक तरीके से ले रहा हूं। अवसर हमेशा होते हैं, चुनौतियां भी होती हैं, लेकिन आपको हमेशा अवसर नजर आते हैं।'

अपना सर्वश्रेष्ठ देने की करता हूं कोशिश

उन्होंने कहा, 'अपने पूरे करियर में मेरी मानसिकता हमेशा यही रही है कि अगर मुझे कोई चुनौती नजर आती है तो मैं उसे सकारात्मक तरीके से लेता हूं तथा एक खिलाड़ी और एक कप्तान के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करता हूं।'

ऐसा है रहाणे का आईपीएल में कप्तानी रिकॉर्ड

अजिंक्य रहाणे ने अबतक आईपीएल में केकेआर के अलावा राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स की कमान संभाली है। उनकी कप्तानी में 38 मैच में 14 में टीम को जीत और 23 में हार मिली है जबकि एक मुकाबले का कोई परिणाम नहीं निकला।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article