क्रिकेट

एक बार फिर मुंबई क्रिकेट संघ के अध्यक्ष चुने गए अजिंक्य नाईक

अजिंक्य नाईक को एक बार फिर से मुंबई क्रिकेट संघ का अध्यक्ष चुन लिया गया। सोमवार को नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था। शीर्ष परिषद और पदाधिकारियों के अन्य पदों के लिए एमसीए चुनाव बुधवार को होंगे।

Image

अजिंक्य नाईक (साभार-X)

अजिंक्य नाईक ने सोमवार को मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के अध्यक्ष का पद अपने पास बरकरार रखा क्योंकि चुनाव मैदान में उतरे सात अन्य उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। शीर्ष परिषद और पदाधिकारियों के अन्य पदों के लिए एमसीए चुनाव बुधवार को होंगे। सोमवार को नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था। नाईक ने नामांकन दाखिल किया था जबकि उन्हें भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और उसके सदस्य संघों के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त लोढ़ा समिति द्वारा पेश किए गए सुधारों के अनुसार एमसीए शीर्ष परिषद में लगातार छह साल पूरे करने के बाद तीन साल के अनिवार्य ब्रेक पर जाना था।

जिन उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया उनमें भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी प्रसाद लाड, शिवसेना (यूबीटी) एमएलसी मिलिंद नार्वेकर और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक जितेंद्र आव्हाड शामिल हैं।

आव्हाड और नार्वेकर दोनों एमसीए की निवर्तमान शीर्ष परिषद के सदस्य थे और उन्होंने अन्य पदों के लिए भी नामांकन दाखिल किया है। नाम वापस लेने वाले अन्य उम्मीदवारों में पूर्व भारतीय महिला कप्तान डायना इडुल्जी, टी20 मुंबई लीग के निवर्तमान अध्यक्ष विहांग सरनाइक, सूरज समत और पूर्व संयुक्त सचिव शाहआलम शेख शामिल हैं। पिछले साल नाईक 37 साल की उम्र में संजय नाईक को 107 मतों से हराकर एमसीए के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने थे।

सोमवार को चुनाव अधिकारी द्वारा जारी सूची के अनुसार आव्हाड उपाध्यक्ष पद के लिए नवीन शेट्टी के खिलाफ और उन्मेष खानविलकर एमसीए सचिव पद के लिए शाहआलम शेख के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।

संयुक्त सचिव पद के लिए नीलेश भोसले का सामना गौरव पय्यादे से होगा जबकि पूर्व समिति में कोषाध्यक्ष रहे अरमान मलिक इसी पद के लिए सुरेंद्र शेवाले के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। राजदीप गुप्ता को टी20 मुंबई लीग में संचालन परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह इस लीग में नॉर्थ मुंबई पैंथर्स टीम के मालिक भी हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article