क्रिकेट

AFG vs WI Highlights: स्पिन की फिरकी में फंसी वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान ने 38 रन से जीता मुकाबला

AFG vs WI Highlights: अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैच की टी20 सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की। दुबई में खेले गए पहले मुकाबले में उसने वेस्टइंडीज को 38 रन से हराया। इब्राहिम जादरान और रसूली ने शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतकीय पारी खेली।

Image

अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज (साभार-AFG X)

AFG vs WI Highlights: अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज को 38 रन से हराकर 3 मैच की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। सोमवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाजों के सामने वेस्टइंडीज की टीम एकदम लाचार नजर आई। नतीजा 182 रन का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 143 रन ही बना पाई। वेस्टइंडीज ने पावरप्ले में ही 3 विकेट गंवा दिया था और फिर वहां से वापसी नहीं कर पाई। इतना ही नहीं 50 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।

अफगानिस्तान ने यह मुकाबला 38 रन से अपने नाम कर लिया। वेस्टइंडीज की ओर से डेब्यूटेंट क्वेंटीन सैम्पसन ने सर्वाधिक 30 रन की पारी खेली। गुडाकेश मोती ने 28 और जॉनसन चार्ल्स ने 27 रन की पारी खेली। अफगानिस्तान की ओर से सर्वाधिक 3 विकेट जियाउर रहमान शरीफी के नाम रहा जबकि राशिद खान, मुजीब-उर्र रहमान और नूर अहमद ने 2-2 विकेट चटकाए।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने इब्राहिम जादरान और दार्विस रसूली की अर्धशतकीय पारी के दम पर 3 विकेट के नुकसान पर 181 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इब्राहिम जादरान ने 56 गेंद में 87 जबकि दार्विस रसूली ने 59 गेंद में 84 रन की पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड 162 रन की साझेदारी की। उनकी यह साझेदारी तब आई जब 19 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान दो विकेट गंवा चुकी थी। यह किसी भी विकेट के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अफगानिस्तान की सबसे बड़ी साझेदारी भी है। सीरीज का दूसरा मुकाबला 21 जनवरी, बुधवार को खेला जाएगा। यह मुकाबला इसी मैदान पर खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article