स्पोर्ट्स

Asian Games 2026: गोल्फ में गोल्ड मेडल जीतने वाली प्रणवी उर्स पर हुई पैसों की बरसात

Pranavi Urs: प्रणवी ने आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। भारतीय गोल्फ संघ (IGU) ने उनके लिए 10 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

Image

प्रणवि उर्स पर हुई पैसों की बरसात (फोटो साभार-pranavi_urs)

Pranavi Urs: एशियाई खेलों में इतिहास रचने वाली भारतीय गोल्फर प्रणवी उर्स पर पैसों की बरसात हुई है। भारतीय गोल्फ संघ (IGU) ने रविवार को उनके लिए 10 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। प्रणवी ने आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। प्रणवी एशियाई खेलों में व्यक्तिगत गोल्फ में स्वर्ण जीतने वाली भारत की पहली महिला गोल्फर बनी हैं। वह ओवरऑल एशियन गेम्स में व्यक्तिगत गोल्ड जीतने वाली तीसरी भारतीय गोल्फर हैं। उनसे पहले लक्ष्मण सिंह ने 1982 के दिल्ली एशियाई खेलों और शिव कपूर ने 2002 के बुसान एशियाई खेलों में पुरुष वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की थी।

पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों के नकद इनाम

IGU ने सिर्फ प्रणवी ही नहीं, बल्कि रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला गोल्फ टीम की हर सदस्य के लिए भी इनाम का ऐलान किया है। टीम की प्रत्येक सदस्य को तीन-तीन लाख रुपये दिए जाएंगे। भारतीय महिला टीम में प्रणवी के अलावा दो अनुभवी गोल्फर अदिति अशोक और दीक्षा डागर शामिल थीं, जिन्होंने मिलकर टीम इवेंट में सिल्वर मेडल दिलाया। IGU अध्यक्ष बृजिंदर सिंह ने प्रणवी को बधाई देते हुए कहा, "2026 एशियाई खेलों में शानदार स्वर्ण पदक जीतने के लिए प्रणवी को हार्दिक बधाई। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना बहुत बड़ी उपलब्धि है और यह उनकी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और खेल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"

प्रणवी ने गोल्ड जीतकर रचा इतिहास

उन्होंने आगे कहा, "हमें उन पर बेहद गर्व है और हम आने वाले वर्षों में उनकी निरंतर सफलता की कामना करते हैं।" प्रणवी की यह जीत भारतीय गोल्फ के लिए बेहद खास है। लंबे समय से भारतीय महिला गोल्फ में एक बड़े व्यक्तिगत पदक का इंतजार था, जिसे प्रणवी ने खत्म किया। नागोया में उनका प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में बेहद स्थिर रहा और उन्होंने अंतिम दिन दबाव में शानदार खेल दिखाया। अदिति अशोक और दीक्षा डागर के साथ मिलकर उन्होंने टीम इवेंट में भी भारत को पोडियम पर पहुंचाया। अदिति अशोक पहले ही ओलंपिक में अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन कर चुकी हैं, और अब प्रणवी की इस जीत ने भारतीय महिला गोल्फ को नई ऊंचाई दी है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article