क्रिकेट

AFG vs CAN T20 World Cup 2026 Match Highlights: अफगानिस्तान ने कनाडा को पटखनी देकर किया टी20 विश्व कप 2026 में सफर का अंत

अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रन के बड़े अंतर से पटखनी देकर टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर का अंत किया। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

अफगानिस्तान बनाम कनाडा

Photo : AP

चेन्नई: राशिद खान की कप्तानी वाली अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने कनाडा को 82 रन के अंतर से मात देकर टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर का अंत किया। मैच में कनाडा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऐसे में अफगानिस्तान ने कनाडा के गेंदबाजों के छक्के छुड़ाते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। अफगानिस्तान के लिए इब्राहिम जादरान ने 56 गेंद में 95 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा सदीकुल्लाह अटल ने 32 गेंद में 44 रन और रहमानुल्लाह गुरबाज ने 20 गेंद में 30 रन की पारी खेली। इसके बाद जीत के लिए मिले 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कनाडा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन बना सकी। अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद नबी ने 4 ओवर में 7 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं दो विकेट कप्तान राशिद खान की झोली में गए। एक-एक सफलता मुजीब उर रहमान, अजमतउल्लाह उमरजई के खाते में गए। इब्राहिम जादरान को उनकी 95 रन की नाबाद आतिशी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

33 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद कनाडा नहीं कर सका वापसी

जीत के लिए 201 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की शुरुआत खराब रही। 33 रन पर कनाडा ने तीन अहम विकेट गंवा दिए थे। कप्तान दिलप्रीत बाजवा 13(7), नवनीत धालीवाल 0(5) और युवराज सामरा 17(14) रन बनाकर पॉवरप्ले से पहले ही पवेलियन लौट गए थे। पॉवरप्ले में कनाडा 3 विकेट पर 34 रन बना लिए थे। इसके बाद कनाडा की टीम मैच में वापसी नहीं कर सकी और लगातार विकेट गंवाती रही। कनाडा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन बना सकी। मोहम्मद नबी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अफगानिस्तान के लिए महज 7 रन देकर लिए। वहीं दो विकेट राशिद खान की झोली में 2 विकेट गिए। एक-एक सफलता मुजीब उर रहमान और अजमतउल्लाह उमरजई को मिली। अफगानिस्तान ने 4 मैच में 2 जीत और 2 हार के साथ अपने अभियान का ग्रुप डी में तीसरे स्थान पर रहते हुए किया।

इब्राहिम जादरान ने खेली 95 रन की नाबाद पारी

कनाडा के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान ने इब्राहिम जादरान (नाबाद 95 रन, 56 गेंद) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत चार विकेट पर 200 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जादरान के अलावा सेदिकुल्लाह अटल ने 44 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने 30 रन का योगदान दिया। जादरान को एक जीवनदान मिला जिसके बाद उन्होंने कनाडा के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए अपनी पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए।

गुरबाज नहीं खेल पाए बड़ी पारी

गुरबाज ने संभलकर शुरुआत की, लेकिन दूसरे ओवर में विकेटकीपर श्रेयस मोवा ने तेज गेंदबाज डिलन हेलिगर की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया। गुरबाज ने पिच को समझने के बाद शानदार शॉट्स खेले, लेकिन छठे ओवर में जसकरण ने उन्हें डीप प्वाइंट पर कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। तीन गेंद बाद ही जसकरण सिंह ने खतरनाक गुलबदिन नईब को एलबीडब्लू करके अफगानिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 49 रन कर दिया।

जीवनदान के जादरान ने उठाया फायदा

इसके बाद जादरान ने मोर्चा संभाला। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने रन गति को कभी धीमा नहीं होने दिया। उन्होंने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के खिलाफ खुलकर शॉट्स लगाए। जादरान ने अटल के साथ तीसरे विकेट के लिए 95 रन की शानदार साझेदारी की। दोनों ने स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया। जादरान 54 रन पर भाग्यशाली रहे, जब बाएं हाथ के स्पिनर अंश पटेल की गेंद पर कलीम सना ने उनका कैच छोड़ दिया। कनाडा का खराब क्षेत्ररक्षण उन पर भारी पड़ा और अफगानिस्तान ने विकेटों के बीच तेज दौड़ लगाकर इसका पूरा फायदा उठाया।

अफगानिस्तान ने बनाए 4 विकेट पर 200 रन

जसकरण ने अंततः अटल को आउट कर साझेदारी तोड़ी, लेकिन जदरान बिना दबाव के खेलते रहे लेकिन शतक से पांच रन से चूक गए। अंत में अजमतुल्लाह उमरजई ने सात गेंद पर 13 रन रन बनाए जिससे अफगानिस्तान ने 10 रन प्रति ओवर से 200 रन पूरे किए। कनाडा के लिए जसकरण सिंह ने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया और 52 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि तेज गेंदबाज डिलन हेलिगर को एक विकेट मिला।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article