IND vs NZ: '12 गेंद पर अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ना...', गुरु युवराज के कीर्तिमान पर अभिषेक शर्मा का बेबाक जवाब
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Jan 25, 2026, 10:37 PM IST
IND Vs NZ 3rd T20: भारत ने गुवाहाटी में दमदार प्रदर्शन करते हुए पांच मैच की टी20 सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली है। तीसरे मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 153 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने दो विकेट गंवाकर मैच जीत लिया। अभिषेक शर्मा भारत के लिए दूसरी सबसे तेज फिफ्टी जड़ी। मैच के बाद उन्होंने गुरु युवराज सिंह के वर्ल्ड रिकॉर्ड के बारे में बड़ा बयान दिया।
अभिषेक शर्मा ने 14 गेंद पर जड़ी फिफ्टी। फोटो- स्क्रीन ग्रैब
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 क्रिकेट में एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है जो 19 साल बीत जाने के बाद भी वैसा का ही वैसा बना हुआ है। यह कीर्तिमान भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। साल 2007 में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान युवराज सिंह ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया था। ना सिर्फ एक ओवर में छह छक्के जड़े थे बल्कि 12 गेंद पर अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया था।
अब युवराज सिंह भविष्य के क्रिकेटरों को चमकाने में लगे हैं। उन्हीं के एक शिष्य अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 14 गेंद पर फिफ्टी जड़कर एक नया इतिहास बना दिया है। अभिषेक भारत के लिए दूसरे सबसे तेज अर्धशतक बनाने वाले बल्लेबाज बने। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी निगाहें युवराज सिंह के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने पर हैं? तो इस पर अभिषेक ने बेबाक जवाब दिया।
'किसी के लिए संभव नहीं'
अभिषेक शर्मा ने कहा, युवराज के सबसे तेज टी20 अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ना किसी के लिए भी संभव नहीं है, लेकिन फिर भी, आप कभी नहीं जानते। कोई भी बल्लेबाज ऐसा कर सकता है क्योंकि मुझे लगता है कि इस सीरीज में सभी बल्लेबाजों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और आगे भी मजा आने वाला है।
अभिषेक शर्मा के रिकॉर्ड-
फुल मेंबर टीम के खिलाफ सबसे तेज 50 रन (गेंद के हिसाब से)
12 गेंद- युवराज सिंह बनाम इंग्लैंड, डरबन 2007
13 गेंद- जान फ्राइलिनक बनाम जिम्बाब्वे, बुलावायो 2025
14 गेंद- कॉलिन मुनरो बनाम श्रीलंका, ऑकलैंड 2016
14 गेंद- अभिषेक शर्मा बनाम न्यूजीलैंड, गुवाहाटी 2026
15 गेंद- क्विंटन डी कॉक बनाम वेस्टइंडीज, सेंचुरियन 2023
भारत के लिए सबसे तेज फिफ्टी
12 गेंद- युवराज सिंह
14 गेंद- अभिषेक शर्मा
16 गेंद- हार्दिक पांड्या
भारत ने जीती सीरीज
तीसरा टी20 मैच जीतकर भारतीय टीम ने साल 2024 से लगातार 9वीं टी20 सीरीज पर कब्जा जमाया। सूर्यकुमार की कप्तानी में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे मुकाबले में 8 विकेट से जीत दर्ज की। भारत की इस जीत में अभिषेक शर्मा और जसप्रीत बुमराह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अभिषेक ने नाबाद 68 रन की पारी खेली। वहीं, बुमराह ने तीन विकेट चटकाए।