क्रिकेट

IND vs SA: खतरे में 'यूनिवर्स बॉस' का रिकॉर्ड, हाथ धोकर पीछे पड़े हैं अभिषेक शर्मा

IND vs SA: मंगलवार से शुरू हो रहे भारत-साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज में अभिषेक शर्मा के पास क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। वह इस आंकड़े से 167 रन दूर हैं। इसके अलावा वह एक कैलेंडर ईयर में 1,500 रन भी पूरा कर सकते हैं।

Abhishek Sharma Chris Gayle

अभिषेक शर्मा और क्रिस गेल (साभार-ICC/BCCI)

IND vs SA: टी20 खेलने वाले हर बल्लेबाज के लिए क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ना किसी सपने से कम नहीं। लेकिन अगर यह काम कोई भारतीय करे तो फिर क्या ही कहने। एक ऐसे ही रिकॉर्ड के पीछे पड़े हैं इस फॉर्मेट में टीम इंडिया के उभरते हुए स्टार अभिषेक शर्मा जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में उतरने वाले हैं। हाल ही में एक कैलेंडर ईयर में 100 छक्के लगाकर बतौर भारतीय इतिहास के पन्नों में दर्ज होने वाले अभिषेक के पास गेल को पीछे छोड़ने का मौका है।

एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन

जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने वाले अभिषेक शर्मा फिलहाल 37 मैच की 36 पारी में 42.82 की औसत और 204.22 की स्ट्राइक रेट से 1,499 रन बना चुके हैं। उनके पास न केवल एक कैलेंडर ईयर में 1,500 रन बनाने वाले तीसरा भारतीय बल्लेबाज बनने का मौका है, बल्कि उनके निशाने पर क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी है। उनसे पहले विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव ही एक कैलेंडर ईयर में 1,500 रन बना पाए हैं। वैसे एक कैलेंडर में सर्वाधिक टी20 रन बनाने की लिस्ट में निकोलस पूरन टॉप पर हैं। पूरन ने 2024 में 40.89 की औसत और 157.39 की स्ट्राइक रेट से 2,331 रन बनाए हैं।

167 रन दूर हैं अभिषेक शर्मा

एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक रन बनाने वालों की लिस्ट में क्रिस गेल 1665 रन के साथ 9वें पोजिशन पर हैं। अभिषेक अगर इस सीरीज में अपनी एशिया कप के फॉर्म को बरकरार रखते हैं और 167 रन बना लेते हैं तो वह क्रिस गेल को पीछे छोड़ देंगे। एशिया कप में अभिषेक प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। उन्होंने अपने पहले ही एशिया कप में 7 मैच में 200 की स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतकीय पारी खेली थी और उनका सर्वाधिक स्कोर 75 रन रहा था।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article