क्रिकेट

रोहित के दोस्त ने खोला इंग्लैंड दौरे पर केएल राहुल की सफलता का राज

टीम इंडिया के पूर्व सहायक कोच और रोहित शर्मा के पक्के मित्र अभिषेक नायर ने केएल राहुल की सफलता पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि इंग्लैंड दौरे के लिए इस बल्लेबाज ने कितनी मेहनत की थी।

Image

केएल राहुल (साभार-BCCI)

भारत के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने केएल राहुल की इंग्लैंड में सफलता का राज खोला है। रविवार को उन्होंने कहा कि लोकेश राहुल ने अपने आखिरी आईपीएल मैच के बाद हर मिनट इंग्लैंड दौरे की तैयारी में बिताया है और टीम के लिए सभी क्रम पर खेलने से मिलने वाली प्रशंसा के वह हकदार हैं। राहुल पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला में भारत के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने दो शतक और दो अर्धशतक की मदद से 53.20 की औसत से 532 रन बनाए और यशस्वी जायसवाल के साथ एक मज़बूत सलामी जोड़ी बनाई।

कुछ समय पहले तक भारत के सहायक कोच के रूप में काम करने वाले नायर ने कहा कि वह राहुल द्वारा किए गए बदलावों का खुलासा नहीं कर सकते लेकिन वह उनकी बल्लेबाजी देखकर काफी खुश हैं। महिला प्रीमियर लीग टीम यूपी वारियर्स के मुख्य कोच नायर ने पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘मैं लोकेश राहुल में देखे गए बदलावों के बारे में बात नहीं कर सकता क्योंकि इससे उसका प्रभाव काफी कम हो जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस इतना कह सकता हूं कि जो भी बदलाव हुए हैं, वे वाकई कारगर रहे हैं।’’ नायर ने कहा कि राहुल ने आईपीएल के बाद इंग्लैंड दौरे की तैयारी शुरू करने में कोई समय बर्बाद नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘उसने बहुत, बहुत कड़ी मेहनत की है। बहुत कम लोग जानते हैं कि अपने बच्चे के जन्म के बाद वह आईपीएल में खेला। वह तुरंत वापस आ गया।’’ नायर ने कहा, ‘‘उसने (इंग्लैंड) टेस्ट श्रृंखला की तैयारी शुरू कर दी थी जबकि बहुत से लोग ऐसा नहीं करते। वह इस श्रृंखला के महत्व को जानता था, वह इसे समझता था।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘आईपीएल में खेले गए आखिरी मैच के बाद हर मिनट यही सोच रहा था कि वह इस टेस्ट श्रृंखला में कैसे अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। इसलिए उन्हें वहां अच्छा प्रदर्शन करते और वह मिलते देखना बहुत अच्छा है जिसके वह हकदार हैं। उन्होंने सभी मुश्किल काम किए हैं और फिर भी बल्लेबाजी क्रम में हर क्रम पर अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब रहे हैं।’’ नायर ने पांचवें टेस्ट के बारे में बात करते हुए कहा, ‘‘कुल मिलाकर भारतीय क्रिकेट अच्छे हाथों में है और उम्मीद है कि हम आज (रविवार) इसे जीत लेंगे और सब कुछ ठीक रहेगा।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article