क्रिकेट

WPL 2026: यूपी वॉरियर्स ने अभिषेक नायर को नियुक्त किया टीम का नया हेड कोच

टीम इंडिया के पूर्व सहायक कोच विमेंस प्रीमियर लीग की यूपी वॉरियर्स टीम के साथ बतौर हेड कोच जुड़ गए हैं। शुक्रवार को उनकी नियुक्ति का ऐलान किया गया।

Image

अभिषेक नायर (फोटो क्रेडिट KKR X)

मुंबई: भारत के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की फ्रेंचाइजी यूपी वारियर्स ने शुक्रवार को अपना मुख्य कोच नियुक्त किया। नायर को हाल ही में भारतीय पुरुष टीम के सहायक कोच के पद से हटा दिया गया था। वह एक साल से भी कम समय तक भारतीय टीम से जुड़े रहे। वॉरियर्स में वह जॉन लुईस की जगह लेंगे जिनसे फ्रेंचाइजी ने हाल में नाता तोड़ दिया था। यह पहला अवसर नहीं है जबकि नायर वॉरियर्स की टीम के साथ काम करेंगे। वह टूर्नामेंट के पहले सत्र के दौरान भी टीम की मदद कर चुके हैं।

नई भूमिका को लेकर हूं रोमांचित

नायर ने कहा, 'मैंने पहले यूपी वॉरियर्स के साथ काम करने का आनंद लिया था और मैं इस नई भूमिका को लेकर रोमांचित हूं। डब्ल्यूपीएल महिला क्रिकेट के लिए एक शानदार मंच है और मैं एक मजबूत टीम बनाने के लिए प्रबंधन के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।'

ऐसा रहा है नायर का कोचिंग करियर

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व करने वाले नायर ने 2019 में संन्यास लेने से पहले भारत के लिए तीन एकदिवसीय मैच भी खेले। इसके बाद वह कोचिंग से जुड़ गए। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 2024 में जब आईपीएल का खिताब जीता था तब नायर उसके सहायक कोच थे। उन्होंने 2018 में केकेआर अकादमी के कोच के रूप में भी काम किया है और 2022 में कैरेबियन प्रीमियर लीग में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स (टीकेआर) के मुख्य कोच थे।

पिछले सीजन में रहे थे केकेआर के सहायक कोच

गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद नायर को भारतीय पुरुष टीम का सहायक कोच नियुक्त किया गया था और वह इस साल की शुरुआत में संयुक्त अरब अमीरात में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। हालांकि, उसके बाद उनका अनुबंध समाप्त कर दिया गया। इसके बाद वह फिर से केकेआर के सहायक कोच बन गए थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article