स्पोर्ट्स

हॉकी वर्ल्ड कप से पहले टीम की नई नारंगी जर्सी पर हंगामा, पूर्व भारतीय कप्तान और सांसद प्रियंका गांधी ने किया विरोध

Indian Hockey Team Orange Jersey Controversy: जल्द ही शुरू होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 से पहले नया विवाद खड़ा हो गया है। ये विवाद भारतीय महिला व पुरुष हॉकी टीमों की नई नारंगी जर्सी को लेकर है। इसको लेकर पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान विरेन रास्किन्हा और सांसद प्रियंका गांधी वाढरा ने विरोध जताया है।

Image

विरेन रास्किन्हा और प्रियंका गांधी वाढरा ने भारतीय हॉकी टीम की नारंगी जर्सी पर उठाए सवाल (Instagram/X/ANI)

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से पहले एक नया विवाद खड़ा हो गया है। भारत के पूर्व हॉकी कप्तान और ओलंपियन विरेन रास्किन्हा ने हॉकी इंडिया के उस फैसले पर सवाल उठाए हैं जिसमें भारत की राष्ट्रीय हॉकी टीम को नारंगी जर्सी पहननी है। उन्होंने कहा कि टीम की पहचान और विरासत हमेशा से नीले रंग से जुड़ी रही है। पूर्व ओलंपियन की यह टिप्पणी तब आई जब हॉकी इंडिया ने आने वाले FIH पुरुष और महिला हॉकी वर्ल्ड कप से पहले सीनियर पुरुष और महिला टीमों के लिए नई जर्सी का अनावरण किया। पुरुषों का टूर्नामेंट बेल्जियम और नीदरलैंड में 14 से 30 अगस्त तक होना है, जबकि महिलाओं का टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक होगा।

सोशल मीडिया पर अपनी निराशा जाहिर करते हुए विरेन ने लिखा, "मुझे कहना होगा कि हॉकी इंडिया ने (हॉकी के लिए) कई अच्छे काम किए हैं। लेकिन ये शर्मनाक है। भारतीय टीम की विरासत और पहचान हमेशा से नीला रंग रही है। मैंने कई सालों तक गर्व के साथ नीली जर्सी पहनी है। फैंस हमारी भारतीय टीम को नीले रंग में देखना चाहते हैं। नारंगी रंग का क्या लॉजिक है?"

प्रियंका गांधी ने भी उठाए सवाल

क्रांगेस सांसद प्रियंका गांधी वाढरा ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए पोस्ट किया है, उन्होंने लिखा, "चाहे वे यूनिफॉर्म बदलें या शिक्षा नीति के जरिए इतिहास को फिर से लिखने की कोशिश करें, वे कुछ भी करें... आपने देखा है कि हमारे देश के युवा इस बारे में क्या सोचते हैं। आपने सुना कि जंतर-मंतर पर जमा युवा क्या कह रहे थे। यह देश की आवाज है।"

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 और भारतीय हॉकी का इतिहास

इस बार हॉकी विश्व कप में भारत को इंग्लैंड, वेल्स और कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ पूल D में रखा गया है। 1975 में फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर खिताब जीतने के बाद से भारत वर्ल्ड कप की जीत से दूर रहा है। भुवनेश्वर में हुए 2023 के टूर्नामेंट में नौवें स्थान पर रहने के बाद, भारत अब लगातार दो ओलंपिक ब्रॉन्ज़ मेडल, एशिया कप का खिताब, दो एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी जीत और एशिया कप में गोल्ड मेडल जीतने के आत्मविश्वास के साथ गोल्ड मेडल घर लाने की कोशिश करेगा। भारतीय महिला टीम 16 अगस्त को चीन के खिलाफ़ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, इसके बाद पूल D में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के साथ मैच खेलेगी।

भारतीय महिला हॉकी कप्तान को तैयारियों पर पूरा भरोसा

भारतीय महिला हॉकी टीम के रवाना होने से पहले, कप्तान सलीमा टेटे ने टीम की तैयारियों पर भरोसा जताते हुए कहा, "पूरी टीम आने वाली चुनौती के लिए तैयार है। हमारी ट्रेनिंग अच्छी रही है, और अब उस लय को प्रैक्टिस मैचों और फिर वर्ल्ड कप में भी बनाए रखना है। अपने पहले मैच में चीन का सामना करना एक अहम परीक्षा होगी, और हम टूर्नामेंट की शुरुआत सकारात्मक तरीके से करना चाहते हैं। एक टीम के तौर पर, हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें