CWG 2026: दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तैराक चाड ले क्लॉस ने राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में नया अध्याय लिख दिया है। शुक्रवार को पुरुषों की 4x100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में कांस्य पदक जीतकर वह CWG के इतिहास में सबसे अधिक पदक जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। 34 वर्षीय ले क्लॉस ने राष्ट्रमंडल खेलों में अपना 19वां पदक जीता। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के निशानेबाज फिल एडम्स और इंग्लैंड के मिक गाल्ट को पीछे छोड़ दिया। दोनों के नाम 18-18 पदक थे। पदक जीतने के बाद ले क्लॉस ने कहा, “भले ही मैंने कांस्य पदक जीता लेकिन यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।” उनके लिए यह सिर्फ एक पदक नहीं, बल्कि 16 साल की मेहनत और निरंतरता का प्रमाण है।
राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार रिकॉर्ड
ले क्लॉस के नाम अब राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 19 पदक हैं - 7 स्वर्ण, 4 रजत और 8 कांस्य। वह यहां अपनी पदकों की संख्या और बढ़ा सकते हैं क्योंकि वह अभी 50 और 100 मीटर बटरफ्लाई में भी हिस्सा लेंगे, जहां वह हमेशा पदक के प्रबल दावेदार रहे हैं।दक्षिण अफ्रीका के इस स्टार ने 2010 में नयी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों से अपना सफर शुरू किया था। तब वह सिर्फ 18 साल के थे और उन्होंने 5 पदक जीतकर सबको चौंका दिया था। अब वह अपने पांचवें राष्ट्रमंडल खेल रहे हैं।
ओलंपिक और विश्व स्तर पर भी बादशाह
ले क्लॉस सिर्फ CWG तक सीमित नहीं हैं। अपने शानदार करियर में उन्होंने 1 स्वर्ण सहित 4 ओलंपिक पदक जीते हैं। 2012 लंदन ओलंपिक में उन्होंने माइकल फेल्प्स को हराकर 200 मीटर बटरफ्लाई में गोल्ड जीता था। इसके अलावा उनके नाम 16 विश्व चैंपियनशिप खिताब भी हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- विश्व जूनियर स्क्वाश चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचीं भारत की अनाहत सिंह, 21 साल बाद रचा इतिहास
ले क्लॉस की यह उपलब्धि साबित करती है कि उम्र सिर्फ एक नंबर है। 34 की उम्र में भी वह विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं और नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। CWG 2026 में उनके बटरफ्लाई इवेंट्स पर अब सभी की निगाहें होंगी।
