स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। खिताब का बचाव करने के अपने अभियान का शानदार शुरुआत करने वाली पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम गुरुवार को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के अपने दूसरे राउंड-रॉबिन मैच में चीन के खिलाफ अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने की कोशिश करेगी। एशियाई खेलों में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतने और लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ 13-0 से बड़ी जीत हासिल की और वह आत्मविश्वास से भरी हुई है। पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया था जिसके बाद उसकी जगह बांग्लादेश को शामिल किया गया।
यह एकतरफा मैच था, जिसमें अधिकतर समय गेंद बांग्लादेश के पाले में ही घूमती रही। बांग्लादेश भले ही मजबूत टीम नहीं हो, लेकिन भारत के लिए उत्साहजनक पहलू रहा कि हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम ने मैदानी और पेनल्टी कॉर्नर दोनों से गोल किए। मंगलवार को खेले गए मैच में भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ आठ मैदानी गोल और पेनल्टी कॉर्नर पर पांच गोल दागे। अनुभवी स्ट्राइकर मनदीप सिंह ने फॉर्म में वापसी की और हैट्रिक बनाकर आगे भी टीम में बने रहने के लिए अपना मजबूत दावा पेश किया क्योंकि रिपोर्टों के अनुसार उन्हें तथा जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास और नीलाकांता शर्मा को इस टूर्नामेंट के बाद टीम से बाहर किया जाएगा।
जहां नीलाकांता ने मंगलवार को घोषणा की कि यह उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा, वहीं मनदीप और जरमनप्रीत खेलना जारी रखना चाहते हैं। मनदीप के अलावा कप्तान हरमनप्रीत, दिलप्रीत सिंह और उप कप्तान हार्दिक सिंह ने दो-दो गोल किए, जबकि शिलानंद लाकड़ा, नीलाकांता और जुगराज सिंह ने भी एक-एक गोल दागा। भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन मनदीप के प्रदर्शन से खुश थे। फुल्टन के लिए हालांकि छोर बदलने के बाद तीसरे क्वार्टर में टीम का प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ है।
पिंडली की मांसपेशियों में चोट के कारण बाहर हुए मनप्रीत सिंह की अनुपस्थिति में हार्दिक, विवेक सागर प्रसाद और नीलाकांता ने मध्य पंक्ति में अच्छा प्रदर्शन किया और अग्रिम पंक्ति के यो खिलाड़ियों के साथ अच्छी तरह से तालमेल बिठाया। मनदीप ने अग्रिम पंक्ति में शानदार खेल दिखाए जबकि अभिषेक, दिलप्रीत, शिलानंद और सुखजीत सिंह ने उनका बखूबी साथ दिया। रक्षापंक्ति में हरमनप्रीत, अमित रोहिदास, जुगराज और संजय पर पहले की तरह दारोमदार होगा, जबकि सूरज करकेरा और कृष्ण बहादुर पाठक गोलकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जहां तक चीन की खिलाड़ियों का सवाल है तो उन्होंने एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता मलेशिया के सामने कड़ी चुनौती पेश की लेकिन आखिर में वह 4-5 से हार गए। चीन ने इस टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से नई टीम उतारी है और उसके युवा खिलाड़ियों ने मलेशिया के खिलाफ अपनी काबिलियत का अच्छा नमूना पेश किया। बृहस्पतिवार को होने वाले अन्य मैचों में मलेशिया का दक्षिण कोरिया से जबकि बांग्लादेश का सामना जापान से होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
इनपुट (भाषा)
