क्रिकेट

वैष्णवी शर्मा ने रचा इतिहास, बनीं पंजा झटकने वाली बाएं हाथ की सबसे युवा भारतीय

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में अपनी फिरकी से कहर बरपाकर इतिहास रच दिया।

Image

वैष्णवी शर्मा (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

वडोदरा: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में अपनी फिरकी से कहर बरपाया। उन्होंने 10 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए और जिंबाब्वे को 131 रन पर ढेर करने में अहम भूमिका अदा की। वैष्णवी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में पहली बार पांच विकेट चटकाए और अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।

सबसे कम उम्र में पांच विकेट झटकने वाली भारतीय

वैष्णवी विमेंस वनडे में पांच विकेट झटकने वाली सबसे कम उम्र की बांए हाथ की भारतीय गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 20 साल 314 दिन की उम्र में हासिल की। वमेंस ओडीआई में भारत के लिए सबसे कम उम्र में पांच विकेट चटकाने का रिकॉर्ड दीप्ति शर्मा के नाम दर्ज है। दीप्ति ने साल 2016 में 18 साल 179 दिन की उम्र में ये उपलब्धि हासिल की थी। इस सूची में तीसरे स्थान पर क्रांति गौड़ हैं। उन्होंने 21 साल 345 दिन की उम्र में वनडे क्रिकेट में पांच विकेट चटकाए थे।

लगातार दो मुकाबलों में 4+ विकेट

वैष्णवी ने सीरीज के दूसरे मुकाबले में 39 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे और अब तीसरे मैच में पांच विकेट उन्होंने अपने नाम किए। इसके साथ ही उनका नाम भारतीय गेंदबाजों के एक स्पेशल क्लब में दर्ज हो गया। लगातार दो वनडे मैच में चार या उससे ज्यादा विकेट चटकाने वाली वैष्णवी पांचवीं भारतीय बन गई हैं। उनसे पहले नीतू डेविड, गौहर सुल्ताना, दीप्ति शर्मा और रेणुका सिंह ये कारनामा कर चुकी हैं।

प्लेयर ऑफ द सीरीज बनने की हैं दावेदार

वैष्णवी ने सीरीज में अबतक खेले 2 मैच की 2 पारी में 8.66 के औसत 9 विकेट चटकाए हैं। वो सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाली गेंदबाज हैं। उनके बाद दूसरे पायदान पर श्रीचरणी और क्रांति गौड़ हैं। दोनों ने 5-5 विकेट अपने नाम किए हैं। वैष्वणी प्लेयर ऑफ द सीरीज बनने की भी बड़ी दावेदार हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article