स्पोर्ट्स

French Open 2025: कार्लोस अल्कराज बने फ्रेंच ओपन चैंपियन, रिकॉर्ड 5 घंटे 29 मिनट लंबे फाइनल में यानिक सिनर को दी मात

Carlos alcaraz vs Jannik Sinner Final: स्पेन के 22 वर्षीय कार्लोस अल्कराज ने इटली के यानिक सिनर को 5 घंटे 29 मिनट लंबे खिताबी मुकाबले में मात देकर फ्रेंच ओपन 2025 का पुरुष एकल खिताब अपने नाम कर लिया। अल्कराज ने 0-2 से पिछड़ने के बाद करिश्माई अंदाज में जीत दर्ज की।

Image

फ्रेंच ओपन 2025 के पुरुष एकल चैंपियन कार्लोस अल्कराज

Photo : AP

Carlos alcaraz French Open Champion: फ्रेंच ओपन इतिहास के पांच सेट तक चले सबसे लंबे फाइनल मुकाबले में स्पेन के 22 वर्षीय कार्लोस अल्कराज ने इटली के 23 साल के यानिक सिनर को 4-6, 6-7, 6-4, 7-6, 7-6 के अंतर से मात देकर पुरुष साल 2025 का पुरुष एकल खिताब अपने नाम कर लिया। रिकॉर्ड पांच घंटे 29 मिनट तक चले महामुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर हुई। दोनों को एक-एक प्वाइंट के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अंत में बाजी कार्लोस अल्कराज के हाथ लगी। डिफेंडिंग चैंपियन अल्कराज को मैच के दौरान दर्शकों का पूरा साथ मिला।

जीता करियर का पांचवां ग्रैंड स्लैम खिताब

कार्लोस अल्कराज का यह लगातार दूसरा फ्रेंच ओपन और कुल पांचवां ग्रैंड स्लैम खिताब है। अल्कराज ने साल 2024 के फाइनल में एलेक्जेंडर ज्वरेव को मात दी थी। अगर यानिक सिनर फाइनल जीत लेते तो ये उनका लगातार तीसरी ग्रैंड स्लैम खिताब होता। सिनर ने इससे पहले साल 2024 में यूएस ओपन और 2025 में ऑस्ट्रेलियन ओपन अपने नाम किया था। लेकिन अल्कराज ने उनका लगातार तीसरी खिताबी जीत का सपना तोड़ दिया। अल्कराज अबतक करियर में पांच ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचे हैं और सभी में जीत हासिल करने में सफल रहे हैं।

पहले दो सेट रहे सिनर के नाम

दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ने नंबर दो प्लेयर कार्लोस अल्कराज के खिलाफ मैच में शानदार शुरुआत की और पहला सेट 65 मिनट में 6-4 से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में अल्कराज ने वापसी की पुरजोर कोशिश की। 6-6 की बराबरी के बाद टाई ब्रेकर से फैसला हुआ और सिनर ने 69 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद 7-6 से जीत दर्ज करके मैच में 2-0 की बढ़त बना ली।

अल्कराज ने की धमाकेदार वापसी

0-2 से पिछड़ने के बाद अल्कराज ने तीसरे सेट में 6-4 के अंतर से जीत दर्ज की और वापसी करने में सफल रहे। चौथे सेट में सिनर ने शानदार शुरुआत की और 5-3 की बढ़त बना ली थी। लेकिन इसके बाद अल्कराज ने शानदार ढंग से वापसी की और 6-6 की बराबरी पर आ गए और टाई ब्रेकर में शानदार खेल दिखाते हुए 7-3 के अंतर से बढ़त बनाते हुए 7-6 के अंतर से चौथा सेट अपने नाम कर लिया।

5 घटें 29 मिनट में हुआ हार जीत का फैसला

मैच में 2-2 की बराबरी होने के बाद अल्कराज और सिनर ने पांचवें और निर्णायक सेट में अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाया। फाइनल सेट भी 53 मिनट के खेल के बाद 5-5 की बराबरी तक पहुंचा। पांचवे सेट के 67वें मिनट में दोनों ने फिर 6-6 से बराबरी पर आ गए। अंत में टाई ब्रेकर में अल्कराज ने सिनर को मौका नहीं दिया और 7-6 के अंतर से सेट और खिताब दोनों अपने नाम कर लिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article