स्पोर्ट्स

Cincinnati Open: ज्वरेव को हराकर फाइनल में पहुंचे अल्काराज, सिनर से होगा मुकाबला

कार्लोस अल्काराज ने सिनसिनाटी ओपन के फाइनल में जगह बना ली जहां उनका सामना जैनिक सिनर से होगा। हालिया विंबलडन फाइनल में भी यही दोनों खिलाड़ी भिड़े थे। ऐसे में फैंस को विंबलडन फाइनल का रिप्ले देखने को मिला है।

Image

कार्लोस अल्काराज (साभार-X)

कार्लोस अल्काराज ने सिनसिनाटी ओपन के फाइनल में जगह बना ली है। अल्काराज ने सेमीफाइनल में अलेक्जेंडर जेवरेव को 6-4, 6-3 से हराकर लगातार सातवीं बार टूर-लेवल फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में कार्लोस अल्काराज के सामने एक बार फिर जानिक सिनर होंगे। अल्काराज और सिनर के बीच इस साल का चौथा और कुल 14वां मैच खेला जाएगा। अल्काराज ने कहा, "मैं सिनर के खिलाफ एक बार फिर खेलने के लिए उत्सुक हूं। हर मैच में हम अपना स्तर ऊंचा उठाने की कोशिश करते हैं। मैं चुनौती लेने के लिए तैयार हूं। मैं उन गलतियों को सुधारने के लिए तैयार हूं, जो मैंने पिछले मैच में की थी।"

एटीपी के मुताबिक, 22 साल और तीन महीने की उम्र में अल्काराज राफेल नडाल (20) और नोवाक जोकोविच (21) के बाद नौ मास्टर्स 1000 फाइनल में पहुंचने वाले तीसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं।

अपने नौवें एटीपी मास्टर्स 1000 फाइनल (7-1) और पिछले साल इंडियन वेल्स खिताब जीतने के बाद से हार्ड कोर्ट पर अपने पहले फाइनल में पहुंचकर अल्काराज ने मोंटे-कार्लो और रोम में अपने खिताबों के बाद इस प्रतिष्ठित स्तर पर अपनी जीत का सिलसिला 16 मैचों तक पहुंचाया।

इससे पहले, गत विजेता सिनर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7-6(4), 6-2 से जीत हासिल की और अपने आठवें एटीपी मास्टर्स 1000 फाइनल में पहुंचे। सिनर ने विश्व के 136वें नंबर के खिलाड़ी टेरेंस एटमाने को हराया। सिनर की हार्ड कोर्ट पर यह 200वीं टूर-स्तरीय जीत थी। एटमाने बेशक सिनर से हारकर फाइनल में जगह नहीं बना पाए। लेकिन, इस टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन के आधार पर 67 स्थानों की छलांग लगाकर अपने करियर के सर्वोच्च 69वें स्थान पर पहुंच गए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article