स्पोर्ट्स

BWF Asia Mixed Team Championships 2025: दक्षिण कोरिया से हारने के बाद भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचा भारत, अब जापान से भिड़ंत

चीन किंगदाओ में चल रही बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैंपियनशिप में भारतीय टीम अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में दक्षिण कोरिया के खिलाफ हार के बाद भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रही। जहां उसकी भिड़ंत जापान से होगी।

Image

बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैंपियनशिप 2025

Photo : Twitter

किंगदाओ (चीन): भारत को बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैंपियनशिप के ग्रुप डी के मुकाबले में गुरुवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में हार के बावजूद टीम ग्रुप अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही।

बुधवार को मकाऊ को 5-0 से हराकर शानदार शुरुआत करने वाले भारत ने अंत तक चुनौती पेश की लेकिन एमआर अर्जुन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी की निर्णायक मैच में जिन योंग और एनए सुंग सेयुंग के खिलाफ सीधे गेम में हार के साथ टीम ने मुकाबला गंवा दिया। ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी ने पहला गेम 21-11 से जीतकर अच्छी शुरुआती की लेकिन अगले दो गेम 12-21, 15-21 से गंवाते हुए 56 मिनट में मैच हार गए।

भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी मालविका बंसोड़ को दुनिया की 19वें नंबर की खिलाड़ी सिम यू जिन के खिलाफ केवल 27 मिनट में 9-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा। चेन्नई के सतीश करुणाकरण ने एक घंटे 12 मिनट में चो गिओनयिओप को 17-21, 21-18, 21-19 से हराकर भारत को वापसी दिलाई जिसके बाद त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की दुनिया की नौवें नंबर की जोड़ी ने महिला युगल में किम मिन जी और किम यू जुंग पर 19-21, 21-16, 21-11 की जीत के साथ स्कोर 2-2 कर दिया।

निर्णायक पांचवें मैच में अर्जुन और सात्विक की पुरुष युगल जोड़ी ने कड़ी टक्कर दी लेकिन 53 मिनट में सुंग सेयुंग और जिन योंग के खिलाफ 14-21, 15-23 से हार गई। बुधवार को चिराग शेट्टी ने अर्जुन के साथ मिलकर पुरुष युगल में मकाऊ के चिन पोन पुई और कोक वेन वोंग को हराया था। भारत का सामना अब क्वार्टर फाइनल में जापान से होगा जिसमे जीतने वाली टीम का कम से कम कांस्य पदक पक्का हो जायेगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article