Brazilian Footballer: चोटिल होने के कारण 12 महीने तक बाहर रहने के बाद हाल में प्रतिस्पर्धी फुटबॉल में वापसी करने वाले ब्राजील के फुटबॉल स्टार नेमार अपने दूसरे मैच में ही फिर से चोटिल हो गए। नेमार एएफसी चैंपियंस लीग एलीट वर्ग के इस मैच में सऊदी अरब के अपने क्लब अल हिलाल की तरफ से 58वें मिनट में मैदान पर उतरे लेकिन खेल समाप्त होने से तीन मिनट पहले उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। ऐसा लग रहा था कि पेनल्टी एरिया में गेंद पर कब्जा करने के लिए पांव फैलाने से उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया।
नेमार के पास हालांकि इस चोट से उबरने का पर्याप्त समय है क्योंकि अल हिलाल को अपना अगला मैच 25 नवंबर को खेलना है। अल हिलाल ने इस मैच में ईरान के क्लब एस्टेघलाल को 3-0 से हराया। चार बार के एशियाई चैंपियन अल हिलाल की तरफ से अलेक्जेंडर मित्रोविच ने हैट्रिक बनाई। उसने ग्रुप चरण में अभी तक अपने चारों मैच जीते हैं।
नेमार का ऐसा रहा है प्रदर्शन
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 32 साल के नेमार का इंटरनेशनल करियर काफी शानदार रहा है। उन्होंने अंडर-17 के 3 मैचों एक गोल दागे हैं। इसी तरह अंडर-20 के 7 मैचों में 9 गोल, अंडर-23 के 14 मैचों में 8 गोल दागे हैं। इसी तरह ब्राजील टीम के सीनियर टीम के लिए 128 मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने 79 गोल किए हैं। इसके अलावा वे 2013 चैम्पियन ब्राजील टीम में भी रहे थे। इसी तरह 2021 में रनरअप टीम के भी थे। इसी तरह ओलंपिक में भी चैम्पियन और रनरअप टीम में भी रहे थे।
(भाषा इनपुट के साथ)
