स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फीफी वर्ल्ड कप में शनिवार को एक रोमांचक और हाई-प्रोफाइल ग्रुप मैच में, विनीसियस जूनियर ने 32वें मिनट में बराबरी का गोल करके पांच बार की चैंपियन ब्राजील को मोरक्को के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ दिलाया। साल 2022 में सेमीफाइनल में खेलने वाली मोरक्को की टीम ने शुरुआत में दबदबा बनाए रखा और इस्माइल सैबारी ने 21वें मिनट में अफ्रीकी चैंपियन टीम को बढ़त दिलाई।
ब्राजील ने 11 मिनट बाद स्कोर बराबर कर दिया। विनीसियस ने बाएं फ्लैंक पर ब्रूनो गुइमारेस के साथ पास का आदान-प्रदान किया, जगह बनाने के लिए गेंद को संभाला और यासीन बोनो के फैले हुए हाथ के बगल से दाहिने पैर से जोरदार शॉट मारकर अपना 10वां इंटरनेशनल गोल किया।
उमड़ी ब्राजीलियन फैंस की भीड़
साल 2002 के बाद से अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीतने की कोशिश कर रही ब्राजील की टीम टूर्नामेंट में बड़ी उम्मीदों के साथ उतरी है। मेटलाइफ स्टेडियम में मौजूद 80,663 दर्शकों की भीड़ में पीले रंग की जर्सी पहने 'सेलेसाओ' (ब्राजीलियाई टीम) के प्रशंसक छाए हुए थे, लेकिन विनीसियस के शानदार एंगल्ड शॉट से स्कोर बराबर करने से पहले वे थोड़े शांत पड़ गए थे।
48 देशों वाले विस्तारित वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के पहले दौर में आमने-सामने होने वाली शीर्ष 10 टीमों में छठे नंबर की ब्राजील और सातवें नंबर की मोरक्को ही शामिल हैं। ब्राजील शुक्रवार को फिलाडेल्फिया में हैती के खिलाफ खेलेगा और फिर मियामी गार्डन्स, फ्लोरिडा में स्कॉटलैंड के खिलाफ ग्रुप सी का अपना आखिरी मैच खेलेगा। मोरक्को शुक्रवार को फॉक्सबोरो, मैसाचुसेट्स में स्कॉटलैंड का सामना करेगा और फिर अटलांटा में हैती से भिड़ेगा।
कतर ने स्विट्जरलैंड के साथ खेला ड्रॉ
वहीं, एक अन्य ग्रुप मुकाबले में मजबूत स्विट्जरलैंड के साथ कतर ने 1-1 से चौंकाने वाला ड्रॉ खेला। साल 2022 में अपने घरेलू मैदान पर निराशाजनक प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए लेवीज स्टेडियम में 67,966 दर्शकों के सामने गजब का खेल दिखाया। बुआलेम खोउखी ने इंजरी टाइम के चौथे मिनट में हेडर से बराबरी का गोल किया और कतर को वर्ल्ड कप में अपना पहला पॉइंट दिलाया। वहीं, ब्रील एम्बोलो ने पहले हाफ में पेनल्टी स्पॉट से स्विट्जरलैंड के लिए गोल किया, लेकिन स्विस टीम गोल करने के कई अन्य मौकों का फायदा नहीं उठा सकी।
