मैड्रिड: बार्सिलोना ने रविवार को एक रोमांचक मुकाबले में रियल मैड्रिड को 4-3 से हराकर ला लीगा खिताब की ओर मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं। इस सीजन में यह रियल मैड्रिड के खिलाफ लगातार चौथी जीत दर्ज करके अपना दबदबा बनाए रखा। रियल मैड्रिड के लिए कायलिन एम्बापे ने हैट्रिक जड़ी लेकिन टीम की जीत के लिए वो नाकाफी रही। वहीं बार्सिलोना के लिए राफिन्हा ने दो, लामिन यमाल व एरिक गार्सिया ने एक-एक गोल जड़ा और टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की। इस जीत के साथ बार्सिलोना प्वाइंट्स टेबल में मौजूदा चैंपियन रियल मैड्रिड से सात अंक आगे हो गई है, जबकि लीग के केवल तीन मैच बाकी हैं।
एम्बापे ने दिलाई रियाल मैड्रिड को धमाकेदार शुरुआत
बार्सिलोना को हाल ही में चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में इंटर मिलान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में रियल मैड्रिड के खिलाफ हार टीम को संकट में डाल सकती थी। रियल मैड्रिड ने मैच में एम्बापे के दो गोल की मदद से शुरुआती बढ़त बना ली थी। लेकिन बार्सिलोना ने शानदार वापसी करते हुए बराबरी कर ली। मैच की शुरुआत में ही रियल मैड्रिड को पेनल्टी मिली। एम्बापे को बार्सिलोना के गोलकीपर वोज्शिच शेज़नी ने गिरा दिया था। बार्सिलोना ने फैसले का विरोध किया लेकिन एम्बापे ने पेनल्टी को गोल में तब्दील करके रियल मैड्रिड को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 14वें मिनट में विनीसियस जूनियर के पास पर एम्बापे ने एक और शानदार गोल कर मैड्रिड को 2-0 की बढ़त दिला दी। यह एम्बाप्पे का इस सीजन का 26वां ला लीगा गोल था। इसके साथ ही वो रॉबर्ट लेवांडोव्स्की को पछाड़ते हुए सीजन में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए।
यमाल ने बार्सिलोना को बराबरी पर पहुंचाया
इसके बाद बार्सिलोना ने शानदार खेल दिखाया और रिक गार्सिया ने फेरान टोरेस के दिए हेड फ्लिक को गोल में बदलते हुए स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद मैच में कई उतार-चढ़ाव आए। इसके बाद 17 वर्षीय लामिन यमाल ने शानदार कर्विंग शॉट के जरिए मैच को बराबरी पर ला दिया। कुछ ही मिनटों में पेड्री के पास पर राफिन्हा ने दमदार गोल कर बार्सिलोना को बढ़त दिला दी। इसके बाद राफिन्हा ने लुकास वाज़क्वेज़ से गेंद छीनते हुए फेरान टोरेस के साथ पासों का आदान-प्रदान किया और अपना दूसरा गोल किया।
यमाल के गोल को रेफरी दे दिया ऑफ साइड करार
दूसरे हाफ की शुरुआत में यमाल का एक गोल ऑफसाइड करार दिया गया। कोच फ्लिक ने अलेहांद्रो बाल्डे और आंद्रेयास क्रिस्टेंसन को मैदान में उतारा। क्रिस्टेंसन ने विनीसियस जूनियर की एक खतरनाक गेंद को रोकते हुए गोल बचाया। इसके बाद विनीसियस ने एमबाप्पे को पास दिया और फ्रेंच स्टार ने अपनी हैट्रिक पूरी की। हालांकि बार्सिलोना ने टोरेस के शॉट पर अयूरिलियन चुहामेनी के हैंडबॉल की अपील की, लेकिन रैफरी ने वीडियो देखने के बाद पेनल्टी नहीं दी।
मैच का हुआ रोमांचक अंत
मैड्रिड के विक्टर मुनोज़ ने आखिरी समय में बराबरी का मौका गंवा दिया, जबकि एमबाप्पे का एक और गोल ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिया गया। फिरमिन लोपेज़ का शानदार सोलो गोल भी हैंडबॉल के कारण मान्य नहीं हुआ। मैच के अंत में बार्सिलोना ने जीत सुनिश्चित कर ली। अगर बुधवार को रियल मैड्रिड मल्लोर्का के खिलाफ हार जाता है, तो बार्सिलोना 2025 ला लीगा का खिताब अपने नाम कर सकता है।
खिताब से बस एक कदम दूर बार्सिलोना
अब बार्सिलोना को खिताब जीतने के लिए मात्र एक जीत की जरूरत है। अगर टीम अपने अगले मैच में जीत दर्ज कर लेती है, तो वह 2025 का ला लीगा खिताब अपने नाम कर लेगी।
