नागोया: भारत की बारानिका इलांगोवन ने नागोया में एशियाई खेलों में महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में इतिहास रच दिया है। इंलागोवन ने स्पर्धा का कांस्य पदक अपने नाम किया और एशियाई खेलों में पोल वॉल्ट में पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। जापान की मिसाकी मोरोटा ने 4.55 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं चीन की चुंगे निउ ने 4.50 मीटर की ऊंचाई के साथ सिल्वर पर कब्जा किया। पोल वॉल्ट स्पर्धा में यह भारत का पहला मेडल है। 29 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी को कजाकिस्तान की पोलिना इवानोवा के साथ संयुक्त रूप से कांस्य पदक मिला। दोनों ही खिलाड़ियों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4.15 मीटर रहा। दोनों 4.25 मीटर की ऊंचाई को पार नहीं कर सकीं।
एशियाई खेलों में डेब्यू करते ही जीता पदक
एशियाई खेलों में पहली बार शिरकत कर बारानिका ने नागोया में 3.85 मीटर और 4.00 मीटर की ऊंचाई को पहली ही कोशिश में पार किया। 4.15 मीटर की ऊंचाई पर उन्हें पहली बार असफलता मिली, लेकिन दूसरी कोशिश में उन्होंने इसे पार कर लिया। इसके बाद उन्होंने 4.25 मीटर की ऊंचाई पार करने की कोशिश की, लेकिन तीनों प्रयासों में नाकाम रहीं और उन्हें कांस्य पदक के साथ संतोष करना पड़ा।
मई के महीने में दो बार तोड़ा था अपना नेशनल रिकॉर्ड
तमिलनाडु की बारनिका इलांगोवन के नाम महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा का राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने इसी साल मई में भुवनेश्वर इंडोर स्टेडियम में एक महीने से भी कम समय में दो बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4.23 मीटर है। आइची-नागोया में वो 4.15 मीटर की ऊंचाई के साथ कांस्य पदक अपने नाम करने में सफल रहीं जो उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से कम है। मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली बारनिका का ट्रेनिंग बेस भुवनेश्वर है। ओडिशा को उन्होंने अपने दूसरे घर के रूप में चुना है।
