स्पोर्ट्स

Australian Badminton Open 2026: ऑस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची वीपी सिंधू, तन्वी शर्मा का क्वार्टर फाइनल में थमा सफर

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ऑस्ट्रेलियाई ओपन बैडमिंटन के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उनकी सेमीफाइनल में जापान की अकाने यामागुची से भिड़ंत होगी। वहीं तन्वी शर्मा का शानदार सफर क्वार्टर फाइनल में थम गया।

Image

पीवी सिंधू (फोटो क्रेडिट BAI Media X)

सिडनी: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी ने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की चेन सू यू को मात्र 27 मिनट तक चले एकतरफा मुकाबले में सीधे गेमों में 21-6, 21-9 से पराजित किया।

सेमीफाइनल में जापान की यामागुची से होगी भिड़ंत

सिंधू ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा और आसानी से अंतिम चार में जगह पक्की कर ली। सेमीफाइनल में सिंधू का सामना जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त अकाने यामागुची से होगा। यामागुची ने भारतीय किशोरी तन्वी शर्मा के शानदार अभियान का अंत करते हुए उन्हें 21-14, 21-14 से हराया। यह मुकाबला 32 मिनट तक चला। सिंधू और यामागुची के बीच अब तक हुए मुकाबलों के आंकड़ों में भारतीय स्टार का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। दोनों खिलाड़ियों के बीच खेले गए 28 मुकाबलों में सिंधू ने 15 जबकि यामागुची ने 13 जीत दर्ज की हैं।

18 महीने से सिंधू ने नहीं जीता है कोई खिताब

सिंधू के लिए यह सेमीफाइनल काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मौजूदा सत्र में उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वह बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर पर लंबे समय से चले आ रहे खिताबी सूखे को समाप्त करने के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ लय हासिल करने की कोशिश कर रही हैं। सिंधू को दिसंबर 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल का खिताब जीतने के बाद से अपने अगले खिताब का इंतजार है। इससे पहले सिंधू ने प्री-क्वार्टर फाइनल में हमवतन ईशारानी बरुआ को हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई थी। पुरुष युगल में भारत के हरिहरन अम्साकरूनन और एम आर अर्जुन क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपै के चेन चेंग कुआन और लियू कुआंग हेंग से 19-21, 9-16 से पिछड़ने के बाद बाहर हो गए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article