स्पोर्ट्स

एशियाई रिले: भारतीय महिला चार गुणा 100 मीटर रिले टीम ने जीता स्वर्ण, 400 मीटर में रजत

भारत की महिला रिले टीम ने चीन में आयोजित एशियाई रिले चैंपियनशिप के दूसरे चरण के अंतिम दिन चार गुणा 100 मीटर रिले टीम का स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय टीम ने 43.85 सेकंड का समय निकाला जो इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ समय है।

Image

भारतीय महिला चार गुणा 100 मीटर रिले टीम (फोटो क्रेडिट @afiindia X)

शाओक्सिंग (चीन): भारत की श्रबनी नंदा, एसएस स्नेहा, सुदेशना शिवांकर और तमन्ना की चौकड़ी ने रविवार को एशियाई रिले चैंपियनशिप के दूसरे चरण के अंतिम दिन महिला चार गुणा 100 मीटर रिले टीम का स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय महिला चार गुणा 100 मीटर रिले टीम ने 43.85 सेकंड का समय निकाला जो इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ समय था।

चार गुणा 400 मीटर रिले में जीता रजत

भारतीय टीम ने मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले में रजत और मिश्रित चार गुणा 100 मीटर रिले में कांस्य पदक भी जीता। मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने रजत पदक जीता। टीम में तीर्थेश शेट्टी, पूवम्मा एमआर, भरत श्रीधर और नीरू पाठक शामिल थे। उन्होंने 3:17.06 सेकंड का समय लिया। इससे पहले भारतीय मिश्रित चार गुणा 100 मीटर टीम ने कांस्य पदक (41.27 सेकंड) जीता था जिसमें प्रणव गौरव, तमन्ना, अनिमेष कुजूर और एसएस स्नेहा शामिल थे। थाईलैंड ने स्वर्ण (41.14 सेकंड) जबकि चीन को रजत (41.29 सेकंड) पदक जीता।

पांचवें पायदान पर रही पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम

पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम 3:05.33 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रही जिसमें तीर्थेश शेट्टी, अविनाश कृष्णा कुमार, सूरज ए राजा और भरत श्रीधर शामिल थे। महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम 3:34.88 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रही। टीम की सदस्य सलोनी नागर, पूवम्मा एमआर, अंसा बाबू और रशदीप कौर थीं।

एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी का मिला मौका

भारतीय टीम के लिए ये टूर्नामेंट एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिहाज से अच्छा है। इसमें भाग लेकर भारतीय खिलाड़ियों को खुद को परखने का शानदार मौका था। इसके अलावा विरोधियों को परखने और समझने का मौका भी भारतीय खिलाड़ियों को मिला जो निश्चित तौर पर दो बड़ी स्पर्धाओं में भारतीय एथलीट्स के लिए फायदेमंद होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article