स्पोर्ट्स

Asian Games 2026: भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम क्वार्टर फाइनल में, बांग्लादेश को 3-0 से हराया

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम का मुकाबला मंगलवार को मेजबान जापान से होगा।

Image

भारतीय बैडमिंटन टीम (फोटो साभार- @Media_SAI/AI)

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने शानदार शुरुआत की है। सोमवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 3-0 से करारी शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत की यह जीत एकतरफा रही, जहां किसी भी खिलाड़ी ने एक भी गेम नहीं गंवाया। अब क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम का सामना मंगलवार को मेजबान जापान से होगा। यह मुकाबला काफी कड़ा होने वाला है। महिला टीम का भी क्वार्टर फाइनल में जापान से ही सामना होगा।

लक्ष्य सेन ने की शानदार शुरुआत

सोमवार के मुकाबले में भारत की ओर से पहला मैच खेलने उतरे लक्ष्य सेन ने शानदार लय दिखाई। उन्होंने बांग्लादेश के इब्न अयमान जमान को महज 27 मिनट में 21-4, 21-12 से हरा दिया। लक्ष्य की इस आसान जीत ने भारत के लिए जीत की नींव रख दी। दूसरे सिंगल्स में युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने भी कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने गौरब सिंह के खिलाफ सिर्फ 25 मिनट में 21-4, 21-13 से जीत दर्ज की। आयुष ने अपने आक्रामक खेल से विरोधी को कोई मौका नहीं दिया। तीसरे और निर्णायक मुकाबले में अनुभवी के. श्रीकांत कोर्ट पर उतरे। श्रीकांत ने जुमार अल अमीन को 23 मिनट में 21-15, 21-9 से हराकर भारत की जीत पक्की कर दी।

मेडल से सिर्फ एक कदम दूर भारत

उनकी इस जीत के बाद डबल्स मुकाबलों की जरूरत ही नहीं पड़ी। भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरी तरह से दबदबे वाला रहा। तीनों खिलाड़ियों ने मिलकर 75 मिनट से भी कम समय में टाई अपने नाम कर ली। टीम इंडिया अब मेडल से सिर्फ एक जीत दूर है। अगर भारत जापान को हरा देता है तो उसका मेडल पक्का हो जाएगा। पुरुष टीम की तरह महिला टीम ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है और उसे भी जापान की चुनौती का सामना करना है। दोनों टीमों के लिए मंगलवार का दिन बेहद अहम होगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article