स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स में टेकबॉल में भारत का सफर बिना किसी मेडल के खत्म हुआ। क्विम्सी डिसूजा के महिला सिंगल के ब्रॉन्ज मेडल मैच में हारने के बाद बाद मिक्स्ड डबल्स जोड़ी ब्रॉन्ज मेडल मैच में वियतनाम से 0-2 से हार गई। वियतनाम ने 12-9, 12-6 से जीत हासिल की, जिससे एशियन गेम्स में टेकबॉल की शुरुआत के साथ ही भारत के तीन मेडल जीतने के मौके खत्म हो गए।
महिलाओं के सिंगल्स में भी डिसूजा ब्रॉन्ज मेडल जीतने से चूक गईं। उन्हें एक कड़े मुकाबले में जापान की युइना साकामोटो से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। साकामोटो ने 12-11, 12-11 से जीत हासिल की। मैच के दोनों गेम आखिरी पलों तक रोमांचक रहे, जिससे डिसूजा को कई मौकों को न भुना पाने का अफसोस हुआ।
ऋषभ दास ने फाइनल में बनाई जगह
हालांकि, स्विमिंग में भारत को अच्छी खबर मिली। भारत के ऋषभ दास ने मेंस की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा के हीट में कुल मिलाकर पांचवां स्थान हासिल किया और 54.85 सेकंड का समय लेकर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। दोपहर ढाई बजे फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें ऋषभ दास नजर आएंगे।
वहीं, एशियन रिकॉर्ड होल्डर चीन के शी जियायू हीट में टॉप पर रहे, जबकि जापान के हिदेकाज़ु ताकेहारा दूसरे स्थान पर रहे। दास, ताकेहारा से 0.63 सेकंड पीछे रहे। भारत के उत्कर्ष पाटिल क्वालिफिकेशन राउंड में 12वें स्थान पर रहे।
वूशू में भारत के हाथ लगी निराशा
वूशू में, भारत के सूरज सिंह मयांगलामबम मेंस के चांगक्वान फाइनल में 9.683 के स्कोर के साथ आठवें स्थान पर रहे, जिससे वे मेडल की दौड़ से बाहर हो गए। सूरज ने हांग्जो में हुए पिछले एडिशन में 9.730 का स्कोर किया था। चूंकि मुकाबला बहुत कम अंतर (डेसिमल फ़र्क) से तय हुआ, इसलिए अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद भारतीय एथलीट मेडल जीतने से चूक गए।
सुचिका तरियाल ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तरियाल ने क्वार्टर फाइनल में मंगोलियाई खिलाड़ी को हराकर पारंपरिक 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
