स्पोर्ट्स

Asian Games 2026: बॉक्सिंग के क्वार्टर फाइनल में पहुंची परवीन, साक्षी और चोटिल सुमित हुए बाहर

भारतीय मुक्केबाजों के लिए 20वें एशियाई खेलों में गुरुवार को दिन मिला जुला रहा। परवीन महिलाओंके 65 किग्रा भारवर्ग के क्वार्टर फाइनल में वॉकओवर मिलने के बाद पहुंच गईं। वहीं साक्षी चौधरी और सुमित को बाबर का रास्ता देखना पड़ा।

Image

सुमित और साक्षी चौधरी (फोटो Sony liv Screen Grab)

नागोया: भारतीय मुक्केबाज परवीन ने महिला 65 किग्रा वर्ग में गुरुवार को यहां ताजिकिस्तान की मलिका नोजिमोवा के खिलाफ वाकओवर मिलने के बाद एशियाई खेलों के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जबकि उनके हमवतन साक्षी चौधरी (51 किग्रा)और सुमित (70 किग्रा) प्रतियोगिता से बाहर हो गए। वाडा 'वेयर अबाउट' नियम के उल्लंघन के कारण निलंबन झेलने के कारण एशियाई खेलों का कांस्य पदक और ओलंपिक कोटा गंवाने वाली परवीन ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं जो 65 किग्रा के नए वजन वर्ग में उनकी पहली बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता थी।

साक्षी को मिली कजाखस्तान की मुक्केबाज के खिलाफ हार

इससे पहले साक्षी चौधरी 51 किलो वर्ग में कजाखस्तान की अलुआ बाल्कीबेकोवा से प्री क्वार्टर फाइनल में 2-3 से हारकर बाहर हो गईं। हरियाणा की 26 वर्ष की साक्षी ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था लेकिन यहां वह लय कायम नहीं रख सकीं। पहले दौर के बाद कजाखस्तान की मुक्केबाज 3-2 से आगे थीं। दूसरे दौर में साक्षी ने आक्रामकता दिखाई लेकिन बाल्कीबेकोवा ने 3-2 के अंतर से फिर बढ़त बनाई। आखिरी दौर में साक्षी वापसी करने में नाकाम रहीं।

घुटने में चोट लगने के बाद मुकाबले से हटे सुमित

इससे पहले सुमित पुरुषों के 70 किलो प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इराक के अल सारे अली के खिलाफ चोट के कारण बाहर हो गए। हरियाणा के 23 वर्ष के सुमित पहले दो दौर में आगे थे लेकिन तीसरे दौर में एक मुक्के से बचने के प्रयास में उन्हें घुटने में चोट लगी और वह गिर गए। इसके बाद वह आगे खेल नहीं सके और रैफरी ने मुकाबला रोककर विरोधी को विजेता घोषित कर दिया। सुमित ने पहले मुकाबले में थाईलैंड के बुंजोंग सिनसिरी को 5-0 से हराया था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article