'ज्‍यादा ध्‍यान मत दो', फीफा प्रतिबंध की धमकी पर सुनील छेत्री ने खिलाड़‍ियों को दिया अहम संदेश

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 15, 2022, 06:30 AM IST

Sunil Chhetri advice to Indian football players: फीफा ने भारतीय फुटबॉल को निलंबन की धमकी दी, जिस पर अनुभवी स्‍ट्राइकर सुनील छेत्री ने खिलाड़‍ियों को चिंता नहीं करने की सलाह दी है। छेत्री ने कहा कि इस मामले की फिक्र नहीं करें और अपना सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन करें।

'ज्‍यादा ध्‍यान मत दो', फीफा प्रतिबंध की धमकी पर सुनील छेत्री ने खिलाड़‍ियों को दिया अहम संदेश

बेंगलुरू: अनुभवी स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने रविवार को साथी खिलाड़ियों को भारतीय फुटबॉल पर फीफा निलंबन के खतरे पर ज्यादा चिंता नहीं करने और मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखने की सलाह दी। इस महीने के शुरू में विश्व फुटबॉल संचालन संस्था फीफा ने तीसरे पक्ष के 'हस्तक्षेप' के कारण अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) को निलंबित करने और इससे अक्टूबर में महिला अंडर-17 विश्व कप की मेजबानी के अधिकार छीनने की धमकी दी थी। 

उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय महासंघ को चुनाव कराने का निर्देश दिया था जिसके कुछ ही दिन बाद यह चेतावनी जारी की गयी थी। उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त की गयी प्रशासकों की समिति (सीओए) ने हालांकि तब से चुनावी प्रक्रिया शुरू कर दी है और चुनाव 28 अगस्त को कराये जाने हैं। छेत्री ने नये सत्र की तैयारियों पर उनके क्लब बेंगलुरू एफसी द्वारा आयोजित वर्चुअल मीडिया बातचीत के दौरान कहा, 'मैंने लड़कों से बात की है और मेरी सलाह है कि ज्यादा ध्यान इस पर मत लगाओ क्योंकि यह आपके नियत्रंण से बाहर की चीज है।'

छेत्री ने दी अहम सलाह

उन्होंने कहा, 'जो लोग शामिल हैं, वो यह सुनिश्चित करने के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ कर रहे हैं कि हम सर्वश्रेष्ठ संभव नतीजा हासिल कर लेंगे। हर कोई इस ओर कड़े प्रयास कर रहा है। जहां तक खिलाड़ियों का संबंध है तो हम सुनिश्चित करेंगे कि हम अपना काम उचित तरीके से करें। हमें सुनिश्चित करना होगा कि आप खुद को बेहतर खिलाड़ी बनाओ। जब भी आपको अपने क्लब या अपने देश के प्रतिनिधित्व का मौका मिले तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करो। एआईएफएफ में सभी हर संभव तरीके से इससे निपटने की कोशिश कर रहे हैं ताकि नतीजा हमारे हक में रहे।'

डूरंड कप जीतना है लक्ष्‍य

भारत को 11 से 30 अक्टूबर तक फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप की मेजबानी करनी है। डूरंड कप 16 अगस्त से कोलकाता में शुरू होगा जिसमें बेंगलुरू एफसी का सामना टूर्नामेंट के दूसरे दिन जमशेदपुर एफसी से होगा। बेंगलुरू एफसी ने 2013 में आने के बाद लगभग हर बड़ा राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया है इसलिये टीम अपनी 'ट्रॉफी कैबिनेट' में डूरंड कप ट्रॉफी अपने नाम करने के लिये बेताब होगी।

छेत्री ने कहा, 'यह बहुत ही विशेष है। यह सबसे पुराने टूर्नामेंट में से एक है जो बहुत बड़ी बात है। लेकिन क्लब ने भी यह खिताब नहीं जीता है और व्यक्तिगत रूप से भी मैंने डूरंड कप नहीं जीता है। मैं काफी टूर्नामेंट जीतने में भाग्यशाली रहा हूं और भारत में लगभग जितने भी टूर्नामेंट हैं, सभी जीत चुका हूं बस डूरंड कप की कमी है।'

End of Article