CWG 2022: रवि दहिया ने जीता गोल्ड, भारत को कुश्ती में दिलाया चौथा स्वर्ण पदक 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 6, 2022, 10:27 PM IST

टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता भारतीय पहलवान रवि दहिया ने शनिवार को नाइजीरिया के पहलवान को पटखनी देकर राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार में ही गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

CWG 2022: रवि दहिया ने जीता गोल्ड, भारत को कुश्ती में दिलाया चौथा स्वर्ण पदक 
Photo Credit: AP

बर्मिंघम: टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता भारतीय पहलवान रवि दहिया ने शनिवार को भारत को कुश्ती में चौथा पदक दिलाया। पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किग्रा स्पर्धा में नाइजीरिया के पहलवान विल्सन को मात देकर गोल्ड मेडल जीत लिया। 24 वर्षीय रवि दहिया पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लिया था और पहली बार ही गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। रवि दहिया ने नाइजीरियन पहलवान के खिलाफ मुकाबला टेक्निकल सुपीरियरिटी के आधार पर 10-0 से जीता। 

सेमीफाइनल में दी थी पाकिस्तानी पहलवान को पटखनी
विजय दहिया ने पाकिस्तानी पहलवान को मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने पाकिस्तान के पहलवान अली असद को 14-4 के अंतर से टेक्निकल सुपीरियरिटी के आधार पर पटखनी दी थी। पहले से ही दहिया को स्वर्ण पदक जीत का दावेदार माना जा रहा था। 

कुश्ती में भारत के लिए जीता चौथा गोल्ड और आठवां पदक
भारत के लिए दहिया से पहले गोल्ड बजरंज पूनिया, दीपक पूनिया और साक्षी मलिक ने कुश्ती स्पर्धाओं के पहले दिन जीते थे। ऐसे में वो मौजूदा राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए कुश्ती में स्वर्ण पदक जीतने वाले चौथे पहलवान बन गए हैं। वहीं अंशू मलिक ने रजत पदक अपने नाम किया है। भारत को तीन कांस्य पदक भी मिले हैं। शनिवार को भारत ने कुश्ती में पूजा गहलोत के कांस्य पदक के साथ शुरुआत की। विजय दहिया का पदक कुश्ती में भारत के लिए आठवां पदक है।  





End of Article