स्पोर्ट्स

लंदन स्क्वैश क्लासिक के क्वार्टर फाइनल में हारीं अनाहत सिंह, अब एशियाई गेम्स पर फोकस

भारत की अनाहत सिंह क्वार्टर फाइनल में मलेशिया की विश्व में पांचवें नंबर की खिलाड़ी शिवसंगारी सुब्रमण्यम से हारकर लंदन स्क्वाश क्लासिक पीएसए गोल्ड प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। मौजूदा विश्व जूनियर चैंपियन अनाहत को शुक्रवार को 4-11, 4-11 से हार का सामना करना पड़ा। अनाहत ने विश्व की नंबर 11 खिलाड़ी नेली गिलिस को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।

Image

लंदन क्लासिक में हारीं अनाहत सिंह। फोटो- सोशल मीडिया

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। लंदन स्क्वैश क्लासिक में भारत की अनाहत सिंह का अभियान क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। जब पीएसए गोल्ड इवेंट में उन्हें मलेशिया की विश्व नंबर 5 खिलाड़ी शिवसंगारी सुब्रमण्यम ने 4-11, 4-11 से हरा दिया। विश्व रैंकिंग में 20वें स्थान पर काबिज यह भारतीय खिलाड़ी अब 12 सितंबर से शुरू होने वाले कतर क्लासिक टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। यह टूर्नामेंट जापान में 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों की तैयारी का हिस्सा है।

मौजूदा विश्व जूनियर चैंपियन अनाहत को तीसरी वरीयता प्राप्त शिवसांगरी के खिलाफ अपनी लय हासिल करने में काफी संघर्ष करना पड़ा। शिवसांगरी ने शुरुआती रैली से ही मैच अपने नियंत्रण में कर लिया और केवल 17 मिनट में सीधे गेमों में एकतरफा जीत हासिल की। शिवसांगरी ने लगातार दबाव बनाए रखते हुए बैक कॉर्नर में अधिक तीव्रता से शॉट लगाए, जिससे अनाहत को कोर्ट में काफी देर तक पीछे रहना पड़ा।

अनाहत को नहीं मिला मौका

मलेशियाई खिलाड़ी की इस रणनीति ने अनाहत को रैलियों पर नियंत्रण करने या अपने आक्रामक खेल का पूरा फायदा उठाने के लिए बहुत कम समय दिया। इस हार के साथ अनाहत का गोल्ड जीतने का सपना अधूरा रह गया। इससे पहले भारतीय स्टार अनाहत ने बेल्जियम की आठवीं वरीयता प्राप्त नेले गिलिस को तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।

एशियन गेम्स पर अनाहत का फोकस

अब सेमीफाइनल में शिवसांगरी का सामना दूसरी वरीयता प्राप्त मिस्र की अमीना ओरफी से होगा। ओरफी मौजूदा विश्व चैंपियन हैं। वहीं, अब अनाहत का ध्यान जापान में 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों की तैयारी के अंतिम चरण पर केंद्रित होगा। भारतीय स्टार 12 सितंबर से कतर क्लासिक में प्रतिस्पर्धा करने वाली हैं, जिसके बाद वह अपना पूरा ध्यान महाद्वीपीय प्रतियोगिता पर केंद्रित करेंगी।

ओलंपिक का टिकट दावं पर

एशियाई खेल अनाहत और शिवसंगारी दोनों के लिए विशेष महत्व रखते हैं। शिवसंगारी वर्तमान में शीर्ष क्रम की एशियाई खिलाड़ी हैं, जबकि अनाहत मलेशियाई खिलाड़ी से अंतर कम करने और महाद्वीपीय मंच पर अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगी। एशियाई गेम्स में सिंगल स्क्वैश का गोल्ड जीतने वाला खिलाड़ी 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लेगा। 2028 ओलंपिक में स्क्वैश अपना डेब्यू करेगा।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article