स्पोर्ट्स

जूनियर हॉकी एशिया कप में टीम इंडिया का दमदार आगाज, इंडोनेशिया को 14-0 से धोया

डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने जूनियर हॉकी एशिया कप में शानदार आगाज किया। शनिवार, को खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पूल-ए के अपने पहले मैच में इंडोनेशिया पर बड़ी जीत दर्ज की। भारत ने पूल-ए के अपने पहले मैच में इंडोनेशिया को 14-0 से हराया।

Image

जूनियर हॉकी एशिया कप 2026. फोटो- हॉकी इंडिया

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने जूनियर मेंस एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में खिताब का बचाव करने के अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। पूल-ए के अपने पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने इंडोनेशिया को 14-0 से हराया। कप्तान अनमोल एक्का, प्रभदीप सिंह और अजीत यादव तीनों ने मिलकर 12 गोल किए, जिससे पांच बार की चैंपियन टीम ने टूर्नामेंट पर जल्द अपना दबदबा कायम कर लिया। प्रभदीप ने सर्वाधिक पांच गोल दागकर ’मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार हासिल किया। कप्तान अनमोल ने चार, जबकि अजीत यादव ने तीन गोल किए। बाकी दो गोल हरपाल और आशु मौर्य ने किए।

मैच शुरू होत ही भारत ने आक्रामक रवैया अपनाकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे। भारतीय खिलाड़ियों ने इंडोनेशिया के गोल पर लगातार हमले किए। इंडोनेशिया के खिलाड़ी पूरे मैच में संघर्ष करते हुए नजर आए। प्रभदीप ने पांचवें मिनट में गोल करके भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। हरपाल ने आठवें मिनट में बढ़त को दोगुना कर दिया।

प्रभदीप ने दागे पांच गोल

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय फॉरवर्ड लाइन को लगातार मौके मिलते रहे। अनमोल ने मैच का अपना पहला गोल 16वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक से किया। इसके चार मिनट बाद अजीत यादव ने एक और गोल दागकर स्कोर 4-0 कर दिया। प्रभदीप ने 26वें और 30वें मिनट में गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को हाफ-टाइम तक 6-0 की शानदार बढ़त दिला दी।

दूसरे हाफ में भी रहा भारत का दबदबा

भारत ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा। अनमोल ने 35वें और 42वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपने खाते में दो और गोल जोड़े। प्रभदीप ने तीसरे क्वार्टर के आखिर में एक और गोल किया, जिससे स्कोर 9-0 हो गया। भारत ने मैच के अंतिम क्वार्टर में पांच और गोल दागे। अनमोल ने 51वें मिनट में अपना चौथा गोल किया।

भारत ने दर्ज की एकतरफा जीत

इसके एक मिनट बाद ही प्रभदीप ने अपना पांचवां गोल दागा। यादव ने 53वें मिनट में दो गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत ने 13-0 की बढ़त बना ली। मौर्य ने 59वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बड़ी जीत सुनिश्चित की।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article