स्पोर्ट्स

इंडियन ओपन के दूसरे दिन अनाहत चमकीं, मेंस वर्ग के शीर्ष वरीय एल्नवासनी हारे

भारत की उभरती हुई स्टार अनाहत सिंह ने गुरुवार को यहां इंडियन ओपन स्क्वैश में सीधे गेम में जीत के साथ अपना दबदबा कायम रखा। महिलाओं की शीर्ष वरीय अनाहत ने एकल मुकाबले में मिस्र की फरीदा वालिद को 3-0 से हराया। वहीं, मिस्र के इब्राहिम एल्काबानी ने मेंस के शीर्ष वरीय याह्या एल्नवासनी को हराकर टूर्नामेंट में सबसे बड़े उलटफेरों में से एक को अंजाम दिया।

Image

अनाहत सिंह ने जीता मुकाबला। फोटो- एक्स हैडल

मुंबई। भारत की उभरती हुई स्टार अनाहत सिंह ने गुरुवार को यहां इंडियन ओपन स्क्वैश में सीधे गेम में जीत के साथ अपना दबदबा कायम रखा। जबकि मिस्र के इब्राहिम एल्काबानी ने मेंस के शीर्ष वरीय याह्या एल्नवासनी को हराकर टूर्नामेंट में सबसे बड़े उलटफेरों में से एक को अंजाम दिया।

महिलाओं की शीर्ष वरीय अनाहत ने एकल मुकाबले में मिस्र की फरीदा वालिद को 3-0 से हराया। सबसे रोमांचक मुकाबले मिस्र की जोड़ी एल्काबानी और मोहम्मद शरफ के रहे, दोनों ही पांच-गेम के कड़े मुकाबले जीत लिए। एल्काबानी ने टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए 66 मिनट तक चले मुकाबले में एल्नवासनी को 3-2 से हराया।

शरफ ने पांच-गेम के एक और रोमांचक मुकाबले में हांगकांग के ची हिम वोंग को कड़े संघर्ष में मात दी। भारत के अभय सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हांगकांग के मैथ्यू लाई को 3-0 से हराया। तन्वी खन्ना ने मिस्र की नूर खफागी के खिलाफ 3-0 से जीत हासिल की।

वीर चोटरानी ने शुरुआत में ही अपना दबदबा कायम कर लिया लेकिन ओम्लोर के बीच में हटने (रिटायर होने) के कारण मुकाबला बीच में ही खत्म हो गया। अनुभवी जोशना चिनप्पा ने अपनी काबिलियत का प्रदर्शन करते हुए चार गेम तक चले कड़े मुकाबले में ब्रिएन फ्लिन को आसानी से हरा दिया।

वेलावन सेंथिलकुमार ने कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन उन्हें अमीशेनराज चंद्रन से हार का सामना करना पड़ा। रमित टंडन ने भी अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई लेकिन डंकन ली से सीधे गेम में हार गए।

तन्वी, अर्जुन-हरिहरन ओरलियंस मास्टर्स के अगले दौर में

भारत की तन्वी शर्मा के अलावा हरिहरन अमसकारुनन और एम आर अर्जुन की पुरुषों की युगल जोड़ी ने गुरुवार को यहां शानदार प्रदर्शन करते हुए ओरलियंस मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी ने राउंड 16 के मुकाबले में अपनी ही देश की उभरती हुई युवा खिलाड़ी अनमोल खरब को सीधे गेम में 21-14, 21-17 से हराया।

तन्वी ने पहले दिन थाईलैंड की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सुपानिदा काटेथोंग पर उलटफेर भरी जीत दर्ज की थी। पुरुषों के युगल में हरिहरन और अर्जुन की जोड़ी ने स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल पर 35 मिनट में 26-24, 21-14 से शानदार जीत हासिल कर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

(इनपुट- भाषा)

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article